उज्जैन। महाकाल मंदिर क्षेत्र में लगातार बढ़ रही यातायात समस्या को देखते हुए यातायात पुलिस ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब हरी फाटक से बेगमबाग होते हुए नीलकंठ द्वार तक ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस निर्णय का उद्देश्य श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को जाम की समस्या से राहत दिलाना है।
यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) दिलीप परिहार और थाना प्रभारी यातायात इन्द्रपाल सिंह की उपस्थिति में ऑटो एवं ई-रिक्शा संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के प्रमुख मार्गों पर बढ़ते यातायात दबाव और महाकाल मंदिर मार्ग पर रोजाना लगने वाले जाम पर विस्तार से चर्चा की गई।
चर्चा के दौरान हरी फाटक-बेगमबाग-नीलकंठ द्वार मार्ग पर ऑटो एवं ई-रिक्शा संचालन बंद करने के प्रस्ताव पर सभी पक्षों ने सहमति जताई। अधिकारियों ने बताया कि यह मार्ग महाकाल मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का प्रमुख रास्ता है, जहां संकरी सड़क और अधिक वाहनों के कारण आए दिन यातायात बाधित होता है।
बैठक में ऑटो एवं ई-रिक्शा संघ के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। साथ ही सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और शहर में बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नए नियम का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का मानना है कि इस निर्णय से महाकाल मंदिर क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होगा और श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को भी बड़ी राहत मिलेगी।

More Stories
उज्जैन; नाबालिग छात्रा को बदनाम करने की साजिश का खुलासा, बीएलओ समेत चार गिरफ्तार!
उज्जैन में दर्दनाक हादसा: दो मंजिला मकान ढहा, मलबे में दबकर 12 वर्षीय बच्चे की मौत!
उज्जैन काल भैरव मंदिर के पास भीषण आग, 4 दुकानें खाक!