V India News

Web News Channel

उज्जैन में आज सजेगी भक्ति और संगीत की महफिल, बी प्राक सुनाएंगे शिव भजन

उज्जैन। श्रावण माह के पावन अवसर पर बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में रविवार शाम भक्ति, संगीत और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। शक्ति पथ पर प्रसिद्ध गायक बी प्राक भगवान शिव को समर्पित भजनों की प्रस्तुति देंगे। मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के समन्वय से ‘शिवतत्व-श्रावण कला उत्सव’ का आयोजन शाम 7 बजे शक्तिपथ, त्रिवेणी संग्रहालय के सामने, श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर में किया जाएगा।

बी प्राक की आवाज में गूंजेंगे शिव भजन

कार्यक्रम में बी प्राक और मुंबई से आए उनके साथी भगवान शिव की आराधना एवं भक्ति से जुड़ी लोकप्रिय प्रस्तुतियां पेश करेंगे। इसके साथ ही निवाड़ी के पवन तिवारी और उनके साथी कलाकार भी सांस्कृतिक एवं भक्तिमय प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का मन मोहेंगे।

श्रावण मास में आयोजित होने वाला यह विशेष कार्यक्रम भगवान शिव की भक्ति के साथ भारतीय संस्कृति और संगीत परंपरा को समर्पित रहेगा।

‘महाकाल के आंगन में प्रस्तुति देना सपना था’

बी प्राक उज्जैन पहुंच चुके हैं। उन्होंने बाबा महाकाल की नगरी में प्रस्तुति देने को लेकर खुशी जाहिर की। बी प्राक ने कहा कि वह लंबे समय से भगवान महाकाल के आंगन में प्रस्तुति देने का इंतजार कर रहे थे और अब उनका यह सपना पूरा होने जा रहा है।

उन्होंने कहा कि संगीत और सुरों के माध्यम से सभी को भगवान महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त होगा। उनके उज्जैन पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं में भी कार्यक्रम को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है।

श्रद्धालुओं की एंट्री रहेगी निशुल्क

‘शिवतत्व-श्रावण कला उत्सव’ श्रावण मास की आध्यात्मिक ऊर्जा और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को समर्पित है। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं और आम नागरिकों के लिए प्रवेश निशुल्क रहेगा।

श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने श्रद्धालुओं और नागरिकों से बड़ी संख्या में पहुंचकर इस भक्तिमय शाम का हिस्सा बनने की अपील की है। रविवार शाम शक्तिपथ पर बी प्राक की आवाज में शिव भजनों की गूंज के साथ बाबा महाकाल की नगरी भक्ति और संगीत से सराबोर नजर आएगी।