उज्जैन/बड़नगर। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के बड़नगर में होमवर्क पूरा नहीं करने पर कक्षा 10वीं के एक छात्र के साथ शिक्षक द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शिक्षक ने छात्र को डंडे और डस्टर से पीटा, जिससे उसकी पीठ और सिर पर चोटें आईं। छात्र की पीठ पर लाल निशान और चोट के निशान दिखाई देने की बात सामने आई है।
मामला बंदरवेला गांव स्थित योगा एकेडमी स्कूल का है। यहां पढ़ने वाले 15 वर्षीय छात्र नरेंद्र परमार ने शिक्षक भूपेंद्र सिंह राठौर पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। छात्र के मुताबिक, उसने शिक्षक से मारपीट नहीं करने की गुहार लगाई और वह चिल्लाता रहा, लेकिन शिक्षक ने उसकी पिटाई जारी रखी।
10 में से 6 सवालों के दे पाया जवाब
परिजनों के मुताबिक, 6 अगस्त को शिक्षक ने छात्र से होमवर्क से जुड़े 10 सवालों के जवाब पूछे थे। छात्र इनमें से छह सवालों के जवाब दे पाया, जबकि चार सवालों के जवाब नहीं दे सका। आरोप है कि होमवर्क पूरा नहीं करने और चार सवालों के जवाब नहीं देने पर शिक्षक भूपेंद्र सिंह राठौर ने छात्र की पिटाई कर दी।
परिजनों का कहना है कि मारपीट के बाद छात्र की पीठ पर चोट के निशान दिखाई दिए और उसे दर्द की शिकायत रही।
थाने पहुंचकर दी शिक्षक के खिलाफ शिकायत
घटना के अगले दिन 7 अगस्त को छात्र के परिजन उसे लेकर भाटपचलाना थाने पहुंचे। उन्होंने शिक्षक के खिलाफ आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई और मारपीट की घटना की जानकारी पुलिस को दी।
हालांकि, पुलिस में शिकायत दिए जाने के कुछ समय बाद छात्र के परिवार और स्कूल प्रबंधन के बीच आपसी समझौता हो गया। इसके बावजूद मामला शिक्षा विभाग तक पहुंच गया।
शिक्षा विभाग ने गठित की जांच समिति
मामले की जानकारी मिलने के बाद बड़नगर शिक्षा विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कराई है। बड़नगर के बीईओ राहुल विश्वकर्मा के अनुसार, मामले की जांच के लिए दो शिक्षकों की समिति गठित की गई है।
जांच समिति स्कूल पहुंचकर घटना से जुड़े तथ्यों और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज करेगी। इसके बाद समिति अपनी रिपोर्ट शिक्षा विभाग को सौंपेगी। रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
फिलहाल शिक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि घटना में शिक्षक की भूमिका और छात्र के साथ हुई मारपीट को लेकर विभाग की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।

More Stories
उज्जैन में आज सजेगी भक्ति और संगीत की महफिल, बी प्राक सुनाएंगे शिव भजन
उज्जैन में शिप्रा आरती को लेकर विवाद, महाकाल मंदिर समिति और पुरोहित आमने-सामने
एकादशी पर तड़के 3 बजे जागे बाबा महाकाल, भस्म आरती में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब!