मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले के अमरपाटन तहसील स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कठहा में नाबालिग छात्रों को ‘ए’ (Adults Only) सर्टिफिकेट वाली फिल्म दिखाए जाने का मामला सामने आया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन से जवाब मांगा है। कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) सलोनी शर्मा ने विद्यालय के प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। प्राचार्य को तीन दिन के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं।
कक्षा 11वीं की एलईडी स्क्रीन पर दिखाई गई ‘धुरंधर’
जिला शिक्षा अधिकारी के मुताबिक, विद्यालय की विज्ञान संकाय की कक्षा 11वीं में लगी एलईडी स्क्रीन पर विद्यार्थियों को ‘धुरंधर’ फिल्म दिखाई गई थी। फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) की ओर से ‘ए’ प्रमाणपत्र दिया गया है, यानी यह फिल्म केवल वयस्क दर्शकों के लिए प्रमाणित है।
ऐसे में स्कूल में नाबालिग विद्यार्थियों को फिल्म दिखाए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद शुरू हुई जांच
बताया गया कि 2 अगस्त को स्कूल में फिल्म दिखाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
मामला जिला प्रशासन तक पहुंचने के बाद कलेक्टर ने जांच के निर्देश दिए। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय के प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी कर पूरे मामले पर स्पष्टीकरण मांगा है।
जवाब नहीं मिला तो होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई
DEO सलोनी शर्मा ने स्पष्ट किया है कि प्राचार्य को निर्धारित तीन दिन की समय-सीमा में जवाब प्रस्तुत करना होगा। यदि समय पर जवाब नहीं दिया गया या जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया, तो संबंधित प्रधान शिक्षक के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
नाबालिगों को ‘ए’ सर्टिफिकेट फिल्म दिखाने पर सवाल
CBFC की ओर से ‘धुरंधर’ को ‘ए’ (Adults Only) प्रमाणपत्र दिए जाने के कारण फिल्म को 18 वर्ष से कम आयु के दर्शकों के लिए प्रमाणित नहीं किया गया है। ऐसे में विद्यालय परिसर में नाबालिग विद्यार्थियों को इस फिल्म का प्रदर्शन किए जाने से शिक्षा विभाग की व्यवस्था और स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े हो गए हैं।
फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जांच जारी है। प्राचार्य के जवाब और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

More Stories
पेंचवैली एक्सप्रेस के एसी कोच में शॉर्ट सर्किट, धुएं से मची अफरा-तफरी
दतिया उपचुनाव में भाजपा को बड़ा झटका, कांग्रेस के घनश्याम सिंह ने दर्ज की निर्णायक जीत!
इंदौर में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी पर विरोध, एफआईआर की मांग!