V India News

Web News Channel

राजगढ़ में बरसात में उफनाए झिरी नाले के पुल से बही कार, एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत; दो को बचाया

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर ब्लॉक में सोमवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया. पचोर-सारंगपुर रोड पर स्थित पड़ाना कस्बे के पास झिरी नाले में एक ईको कार बह गई. इस हादसे में तीन बच्चों और दो महिलाओं समेत कुल 9 लोगों की मौत हो गई. कार में सवार दो लोगों ने तैरकर अपनी जान बचाई.
इलाज के लिए जा रहा था परिवार
पुलिस के अनुसार, ईको कार में सवार सभी लोग देवास जिले के सतवास के धांसड़ गांव के रहने वाले थे. वे अपनी काकी को लकवा के इलाज के लिए कनावड़ धाम (कड़लावद गांव) ले जा रहे थे. यह कार मुकेश सिंह के नाम पर रजिस्टर्ड है और वे खुद ही गाड़ी चला रहे थे. हादसे में मुकेश सिंह और हुकुम सिंह सुरक्षित बच गए हैं, जिन्हें सारंगपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
लोगों के रोकने पर भी नहीं माना ड्राइवर
झिरी नाले पर 30 फीट का पुल निर्माणाधीन है. तेज बारिश के कारण पानी पुल के ऊपर बह रहा था. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने कार ड्राइवर को रोका भी था, लेकिन ड्राइवर नहीं माना. सड़क पर रेलिंग नहीं होने की वजह से गाड़ी नाले में जा गिरी.
6 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही एसडीएम रोहित बम्होरे, एसडीओपी अरविंद सिंह और टीआई राहुल रघुवंशी पुलिस बल के साथ पहुंचे. SDERF की टीम ने करीब 6 घंटे रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी शवों को बाहर निकाला. क्रेन से कार को बाहर निकाला गया, जो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी.
मुआवजे की घोषणा और जांच
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. राजगढ़ कलेक्टर डॉ. गिरीश मिश्रा ने मामले में ड्राइवर की लापरवाही की बात कही है. लोक निर्माण विभाग (PWD) के इंजीनियर ने कहा कि सड़क पर डायवर्जन के बोर्ड लगे थे. हालांकि, निर्माणाधीन पुल पर बैरिकेडिंग और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं.