इंदौर: शहर के चिकमंगलूर चौराहा स्थित श्रम शिविर के पास एक दुकान से खरीदे गए समोसे में कथित तौर पर मरा हुआ कॉकरोच मिलने का मामला सामने आया है। घटना के बाद ग्राहक ने इसका वीडियो बनाकर दुकानदार को जानकारी दी और खाद्य सुरक्षा विभाग में शिकायत दर्ज कराई।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को बारिश के दौरान इंदौर निवासी पीयूष मौर्य ने रतलाम नमकीन नामक दुकान से गरमा-गरम समोसा खरीदा था। समोसे का एक टुकड़ा खाने के दौरान उन्हें उसके अंदर मरा हुआ कॉकरोच दिखाई दिया। पीयूष ने तुरंत घटना का वीडियो बनाया और दुकानदार को इसकी जानकारी दी।
दुकानदार से हुई बहस
घटना के बाद ग्राहक और दुकानदार के बीच बहस हो गई। पीयूष मौर्य का आरोप है कि दुकानदार ने मामले को गंभीरता से लेने के बजाय इसे गलती बताते हुए कहा कि कॉकरोच अनजाने में समोसे में आ गया होगा। पीयूष के अनुसार, दुकानदार ने उन्हें शिकायत करने की बात भी कही।
इसके बाद ग्राहक ने मामले की शिकायत सीएम हेल्पलाइन और खाद्य सुरक्षा प्रशासन में दर्ज कराई।
साफ-सफाई पर उठे सवाल
समोसे में कॉकरोच मिलने की शिकायत के बाद दुकान में खाद्य पदार्थों की सफाई, रखरखाव और भंडारण व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। खासकर बारिश के मौसम में खाद्य सामग्री को संक्रमण और कीटों से बचाने के लिए अतिरिक्त सावधानी जरूरी मानी जाती है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने लिए सैंपल
शिकायत मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुकान का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके से समोसे, चटनी और पानी के सैंपल लिए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, निरीक्षण के दौरान सामने आई अनियमितताओं के आधार पर दुकान संचालक को नोटिस जारी किया जाएगा। लैब रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

More Stories
जावरा में एक ही जगह दो हादसे, 4 की मौत!
बांधवगढ़ में शुरू हुआ 5 दिवसीय हाथी महोत्सव, नन्हे कृष्णा ने लूटी महफिल
ग्वालियर में IAS के नाम पर साइबर ठगी, रिटायर्ड इंजीनियर से 1.60 लाख रुपये ऐंठे