उज्जैन के काल भैरव मंदिर के सामने मंगलवार तड़के भीषण आग लग गई, जिससे पूजन सामग्री की चार दुकानें जलकर खाक हो गईं. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. इस आगजनी में लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है. सुबह-सुबह पूजन सामग्री की दुकानों में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई.
आग की सूचना सुबह करीब 5:30 बजे फायर कंट्रोल रूम को मिली, जिसके बाद तत्काल दमकल वाहनों को मौके के लिए रवाना किया गया.फायर ब्रिगेड अधिकारियों के अनुसार सूचना मिलते ही पांच दमकल वाहन भेजे गए. इनमें से तीन फायर ब्रिगेड वाहन और एक टैंकर की मदद से आग पर काबू पाया गया. आग दो दुकानों तक पहुंची थी, जिनमें एक छोटी और एक बड़ी दुकान शामिल थी.
मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू
बताया जा रहा है कि दोनों दुकानें पूजन सामग्री की दुकानें थीं, जहां धार्मिक अनुष्ठानों और पूजा-पाठ से जुड़ी सामग्री का विक्रय किया जाता था. आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है. फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब 30 से 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया. समय रहते आग बुझा लिए जाने से आसपास की अन्य दुकानों को नुकसान होने से बचा लिया गया. फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है. घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है. आग लगने की घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
बड़ा हादसा टला
बता दें कि हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए काल भैरव मंदिर आते हैं. गनीमत रही कि आग सुबह-सुबह ही लग गई, जब श्रद्धालुओं की भीड़ आनी शुरू नहीं हुई थी. अगर आग दर्शन के समय लगी होती, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था.

More Stories
उज्जैन; नाबालिग छात्रा को बदनाम करने की साजिश का खुलासा, बीएलओ समेत चार गिरफ्तार!
उज्जैन में दर्दनाक हादसा: दो मंजिला मकान ढहा, मलबे में दबकर 12 वर्षीय बच्चे की मौत!
महाकाल मंदिर मार्ग पर ऑटो-ई रिक्शा प्रतिबंधित, जाम से मिलेगी राहत