V India News

Web News Channel

सौरव गांगुली और पत्नी डोना को जान से मारने की धमकी, पुलिस में शिकायत दर्ज

कोलकाता: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली और उनकी पत्नी डोना गांगुली को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिलने के बाद कोलकाता में हड़कंप मच गया है। मामले को लेकर पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है। घटना के बाद गांगुली परिवार की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार को बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन (CAB) के अध्यक्ष के कार्यालय में एक धमकी भरा पत्र खोला गया। अंग्रेजी में लिखे इस पत्र में सौरव गांगुली और उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने तथा जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप है। गांगुली के निजी सहायक की ओर से भी पुलिस को शिकायत दी गई है।

परिवार से जुड़े सूत्रों के अनुसार, पिछले करीब छह महीनों से इस तरह के पत्र लगातार मिल रहे थे। शुरुआत में इन्हें प्रशंसकों के संदेश समझकर गंभीरता से नहीं लिया गया, लेकिन हाल में मिले पत्र में इस्तेमाल की गई कथित आक्रामक और धमकी भरी भाषा के बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क करने का फैसला किया।

मामले में ठाकुरपुकुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। साथ ही राज्य सरकार के सुरक्षा विभाग को भी घटना की जानकारी देकर गांगुली की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के लिए कहा गया है। फिलहाल सौरव गांगुली को वाई-कैटेगरी की सुरक्षा प्राप्त है।

बताया जा रहा है कि राज्य में बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार के सत्ता में आने के बाद गांगुली की सुरक्षा को जेड-कैटेगरी से घटाकर वाई-कैटेगरी किया गया था। यह फैसला सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा और खतरे के आकलन के आधार पर लिया गया था। अब धमकी भरे पत्र सामने आने के बाद उनकी सुरक्षा को फिर से बढ़ाने या समीक्षा करने की मांग उठ रही है।