V India News

Web News Channel

कोलकाता भगदड़ में 19 मौतें, 5 ICU में भर्ती:गृह मंत्री शाह घायलों से मिले; 7 आरोपी गिरफ्तार

कोलकाता। उत्तर कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम भगदड़ मचने से 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए। मृतकों में 17 ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायलों को मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें 24 की हालत खतरे से बाहर, जबकि एक की स्थिति गंभीर बताई गई है।

घटना के बाद पुलिस ने पूजा समिति के पदाधिकारियों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े लोगों समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटनास्थल को सील कर एसटीएफ, फोरेंसिक टीम और दमकल विभाग ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसे के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था में संभावित लापरवाही की पड़ताल कर रही है। इलाके में तीन दिनों के लिए निषेधाज्ञा भी लागू की गई है।

राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है। प्रत्येक घायल को पांच लाख रुपये की सहायता दी जाएगी तथा इलाज का खर्च सरकार उठाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने हादसे पर दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने मामले की जांच के लिए हाईकोर्ट के मौजूदा न्यायाधीश के नेतृत्व में तथ्य-जांच समिति गठित करने की बात कही है।