खाचरौद। उज्जैन जिले के खाचरौद में शनिवार सुबह लालबाई-फूलबाई सब्जी मंडी में गोवंश से भरी तेज रफ्तार पिकअप ने चार लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में रेखा नामक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों में मृतका के पति नंदराम सहित सागरबाई और भेरूलाल शामिल हैं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मंडी में खड़ी पिकअप अचानक आगे बढ़ी और लोगों को टक्कर मारते हुए निकल गई। इसके बाद चालक वाहन लेकर कस्बे की गलियों से भागने लगा और रास्ते में खड़े वाहनों व मकानों के बाहर बने ओटलों को भी टक्कर मारी। रावला क्षेत्र में बिजली के खंभे से टकराने के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने पिकअप (MP-13-ZX-0596) जब्त कर उसमें मौजूद गोवंश को अपने कब्जे में ले लिया। महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेजा गया है। थाना प्रभारी धनसिंह नलवाया के अनुसार, फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस गोवंश के स्रोत और वाहन के गंतव्य की भी जांच कर रही है। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

More Stories
तीन दिवसीय उज्जैन दौरे पर रहेंगे CM मोहन यादव, महाकाल की दशहरा सवारी में होंगे शामिल
सिंहस्थ 2028 की तैयारी: उज्जैन में चार मंजिला होटलनुमा भवन जमींदोज
उज्जैन के पास सड़क हादसा: खाई में गिरी बस, दो बाइक सवारों की मौत!