V India News

Web News Channel

असम में रेल हादसा: डिगारू स्टेशन पर कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के 6 डिब्बे पटरी से उतरे, यात्रियों में मची चीख-पुकार

डिब्रूगढ़/गुवाहाटी। असम में बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। कामरूप (मेट्रो) जिले के डिगारू रेलवे स्टेशन के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के इंजन समेत छह डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसा सुबह करीब 6:54 बजे हुआ। अचानक हुए इस हादसे से ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और मौके पर चीख-पुकार सुनाई देने लगी।

घटना के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कई यात्रियों को डरे हुए और परेशान देखा जा सकता है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में कई यात्रियों के घायल होने की आशंका जताई गई है, हालांकि रेलवे की ओर से अभी तक किसी की मौत की पुष्टि नहीं की गई है।

नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के छह डिब्बे सुबह 6:54 बजे डिगारू रेलवे स्टेशन पर पटरी से उतर गए। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं और स्थिति का जायजा ले रहे हैं।

हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। प्रभावित यात्रियों को सुरक्षित निकालने और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। रेलवे की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है।