V India News

Web News Channel

सिंहस्थ 2028 से पहले उज्जैन को मिलेगी बड़ी सौगात, 1200 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का भूमि-पूजन; विस्थापितों को मिलेंगे मुफ्त आवास और दुकानें

उज्जैन। सिंहस्थ कुंभ 2028 की तैयारियों के बीच मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन के विकास को नई गति मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहर में 1200 करोड़ रुपये से अधिक के नए विकास और जीर्णोद्धार कार्यों का भूमि-पूजन किया। इन परियोजनाओं में धार्मिक स्थलों के विकास से लेकर सड़क, सीवर और मेला क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं का विस्तार शामिल है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में देश में धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिली है। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और बाबा महाकाल महालोक इसके उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 के बाद उज्जैन के तीर्थ क्षेत्रों के विकास में व्यापक बदलाव आया है। धार्मिक पर्यटन बढ़ने से शहर की पहचान देश-दुनिया में और मजबूत हुई है।

अंगारेश्वर और गढ़कालिका मंदिर का होगा विकास

मुख्यमंत्री ने बताया कि विकास परियोजनाओं में शिप्रा नदी के तट पर स्थित प्रसिद्ध अंगारेश्वर महादेव मंदिर और उत्तर भारत के प्रमुख शक्तिपीठ गढ़कालिका माता मंदिर के तीर्थ क्षेत्र का विकास भी शामिल है। इसके साथ ही भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा स्थली सांदीपनि आश्रम के आसपास भी धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है।

सिंहस्थ मेला क्षेत्र में नई सड़कों के निर्माण और सीवर लाइन के विस्तार का काम भी किया जा रहा है, ताकि 2028 में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

17 नवंबर को जू और रेस्क्यू सेंटर का भूमि-पूजन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की कि उज्जैन में 17 नवंबर को बहुप्रतीक्षित चिड़ियाघर (जू) और रेस्क्यू सेंटर का भूमि-पूजन किया जाएगा। इससे शहर में पर्यटन की संभावनाओं को और विस्तार मिलने की उम्मीद है।

मकान छोड़ने वालों को मुफ्त फ्लैट, दुकानदारों को मिलेंगी दुकानें

सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित परिवारों और व्यापारियों के लिए मुख्यमंत्री ने महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि जो परिवार स्वेच्छा से सड़क चौड़ीकरण के लिए अपने मकान छोड़ेंगे, उन्हें मल्टीस्टोरी बिल्डिंग में नि:शुल्क आवास उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, जिन व्यापारियों की दुकानें प्रभावित हुई हैं, उन्हें उज्जैन में खाली जमीन पर मार्केट विकसित कर दुकानें दी जाएंगी।

इसके अलावा सिंहस्थ मेला क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए जमीन देने वाले किसानों को अधिग्रहित भूमि के बदले चार गुना मुआवजे के चेक भी प्रदान किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सिंहस्थ 2028 को भव्य और दिव्य बनाने के साथ उज्जैन के स्थायी विकास पर भी ध्यान दे रही है। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, साधु-संत और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।