V India News

Web News Channel

उज्जैन में गोवर्धन पूजा पर अनोखी परंपरा: श्रद्धालुओं के ऊपर से दौड़ा दीं दर्जनों गायें, पांच दिन के उपवास के बाद निभाई रस्म

उज्जैन। गोवर्धन पूजा के अवसर पर मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले की बड़नगर तहसील स्थित भिड़ावद गांव में एक अनोखी और जोखिम भरी परंपरा निभाई गई। यहां अपनी मनोकामना पूरी होने पर और नई मन्नत मांगने की आस में दर्जनों श्रद्धालु जमीन पर पेट के बल लेट गए। इसके बाद गायों के झुंड को उनके ऊपर से दौड़ाया गया। इस हैरतअंगेज दृश्य को देखने के लिए गांव में बड़ी संख्या में लोग जुटे। गायों के श्रद्धालुओं के ऊपर से गुजरने के दौरान वहां मौजूद लोगों की सांसें थमी रहीं।

ग्रामीण मान्यताओं के अनुसार, गाय में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास माना जाता है। इसी आस्था के चलते गोवर्धन पूजा के दिन गायों के पैरों के नीचे से गुजरना शुभ और देवी-देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त करने का माध्यम माना जाता है। ग्रामीणों का विश्वास है कि इस परंपरा में शामिल होने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं।

पांच दिन का उपवास, रातभर भजन-कीर्तन

इस परंपरा में शामिल होने वाले श्रद्धालु पांच दिनों तक कठोर उपवास रखते हैं। दीपावली की पूर्व संध्या पर सभी श्रद्धालु गांव के माता मंदिर में एकत्रित होते हैं। यहां पूरी रात भजन-कीर्तन और जागरण किया जाता है। गोवर्धन पूजा की सुबह विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद ढोल-नगाड़ों के साथ गांव में परिक्रमा निकाली जाती है।

जमीन पर लेटते हैं श्रद्धालु, ऊपर से गुजरता है गायों का झुंड

परंपरा के मुख्य आयोजन में मन्नतधारी श्रद्धालु जमीन पर एक कतार में पेट के बल लेट जाते हैं। इसके बाद दर्जनों गायों को एक साथ छोड़ा जाता है, जो लेटे हुए लोगों के ऊपर से दौड़ती हुई निकलती हैं। यह आयोजन काफी जोखिम भरा होता है और इसमें चोट लगने की आशंका भी बनी रहती है। गायों के गुजरने के बाद श्रद्धालु उठकर ढोल-मंजीरों की धुन पर झूमते हैं और उत्सव मनाते हैं।

आसपास के गांवों से भी पहुंचे लोग

स्थानीय ग्रामीण कुंदन मालवीय के अनुसार, यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है और हर साल इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं। इस वर्ष भी सुबह विधि-विधान के साथ आयोजन संपन्न हुआ। अनोखी परंपरा को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग भिड़ावद पहुंचे।