V India News

Web News Channel

भोपाल; छठ महापर्व की तैयारियों में जुटा प्रशासन, मंत्री विश्वास सारंग ने घाटों का किया निरीक्षण!

भोपाल। नरेला विधानसभा क्षेत्र में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश के मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने क्षेत्र के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्व से पहले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से जुड़े सभी इंतजाम पूरे कर लिए जाएं।

निरीक्षण के दौरान मंत्री सारंग ने घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त पानी, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के विशेष इंतजाम करने को कहा। उन्होंने महिलाओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक घाट पर चेंजिंग रूम बनाने के निर्देश भी दिए। साथ ही अधिकारियों को व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने और सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के लिए कहा।

मंत्री सारंग ने कहा कि छठ महापर्व सूर्य उपासना, प्रकृति के प्रति आभार और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। नरेला विधानसभा क्षेत्र में यह पर्व बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। प्रशासन की जिम्मेदारी है कि सभी को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

शीतलदास की बगिया में होंगे विशेष कार्यक्रम

मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग ने शीतलदास की बगिया में आयोजित होने वाले छठ महोत्सव को अपने आयोजन कैलेंडर में शामिल किया है। यहां 15 और 16 नवंबर को विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

13 नवंबर से शुरू होगा छठ महापर्व

चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ होगी। 14 नवंबर को खरना किया जाएगा। 15 नवंबर को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित करेंगे, जबकि 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को ऊषा अर्घ्य देने के साथ पर्व का समापन होगा।