V India News

Web News Channel

भोपाल में दीपावली की रात कई जगह लगी आग, घोड़ा नक्कास में मकान में फंसी महिला का रेस्क्यू

भोपाल। दीपावली की रात राजधानी भोपाल में आतिशबाजी और दीपों की रोशनी के बीच आगजनी की घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया। शहर के अलग-अलग इलाकों में करीब 25 स्थानों पर आग लगने की घटनाएं सामने आईं। कहीं कचरे के ढेर में आग लगी तो कहीं मकान और फ्लैट इसकी चपेट में आ गए। सूचना मिलते ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड की टीमें दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान घोड़ा नक्कास इलाके में मकान के अंदर फंसी एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

घोड़ा नक्कास में मकान में फंसी महिला का रेस्क्यू

दीपावली की रात घोड़ा नक्कास इलाके में एक मकान में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। मकान के अंदर फंसी एक महिला को दमकलकर्मियों ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद टीम ने आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की। समय रहते महिला को बाहर निकाल लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।

दीपक से पर्दे में लगी आग, पूरा फ्लैट हुआ खाक

आगजनी की बड़ी घटना गांधीनगर की ग्रीन-वे कॉलोनी स्थित एक मल्टी के फर्स्ट फ्लोर पर बने फ्लैट में हुई। दीपावली पर घर में दीपक जलाए गए थे। घर के बाहर नीचे रखे दीपक से पर्दे में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कुछ ही मिनटों में पूरे फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया।

सूचना पर नगर निगम की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर फाइटर पंकज यादव ने अपनी टीम के साथ कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक फ्लैट में रखा इलेक्ट्रॉनिक सामान, फर्नीचर, कपड़े और रसोई का सामान जलकर खाक हो चुका था। घर में रखी नकदी और सोने-चांदी के जेवर भी आग की भेंट चढ़ गए। घटना के समय परिवार घर पर मौजूद नहीं था। परिवार लक्ष्मी पूजन के बाद रिश्तेदारों से मिलने गया हुआ था।

रहवासियों ने बिल्डर पर उठाए सवाल

घटना के बाद मल्टी के रहवासियों ने बिल्डर पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि मल्टी में आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। इस संबंध में कई बार बिल्डर को जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई। रहवासियों के मुताबिक, यदि आग बुझाने के पर्याप्त संसाधन उपलब्ध होते तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था।

कचरे के ढेर में भी लगी आग

लाल मस्जिद के पास रफीकिया स्कूल के नजदीक गली में कचरे के ढेर में भी आग लग गई। यहां फ्रिज का वेस्ट मटेरियल पड़ा हुआ था। रात करीब 11 बजे अचानक आग लगने से इलाके में धुआं फैल गया और लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया।

शहर के इन इलाकों में भी पहुंचीं दमकल टीमें

दीपावली की रात जुमेराती, कुंदन नमकीन, लाल मस्जिद, सेकंड नंबर बस स्टॉप, मामा होटल के पास, धर्म कांटा, कबाड़खाना, कटारा हिल्स, नीलबड़, डीपीएस स्कूल के पास, गांधीनगर और होली फैमिली स्कूल के पीछे सहित शहर के करीब 25 स्थानों से आग लगने की सूचनाएं मिलीं। सभी जगहों पर फायर ब्रिगेड की टीमें भेजी गईं।

फायर अधिकारी शक्ति तिवारी के मुताबिक, दीपावली की रात शहर के अलग-अलग इलाकों से आग लगने की सूचनाएं प्राप्त हुई थीं। सभी स्थानों पर टीमों ने समय रहते आग पर काबू पाया। घोड़ा नक्कास में आग की घटना के दौरान एक महिला को मकान से सुरक्षित रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया।