धार/धामनोद। दीपावली का पर्व रोशनी, प्रेम और आपसी भाईचारे का संदेश देता है। मध्य प्रदेश के धार जिले के धामनोद नगर में इस बार दीपोत्सव पर सामाजिक सद्भाव की एक खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली। यहां मुस्लिम युवक टीपू खान ने अपनी कला के माध्यम से नीम करोली बाबा की आकर्षक रंगोली बनाकर धार्मिक एकता और भारतीय संस्कृति का संदेश दिया। उनकी इस कलाकृति को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
15 वर्षों से रंगोली के जरिए निखार रहे हुनर
धामनोद के इंदिरा नगर गुलझरा निवासी टीपू खान पिछले 15 वर्षों से टेंट हाउस में मैनेजर के रूप में कार्यरत हैं। इसी दौरान उन्होंने रंगोली बनाने की कला सीखी और धीरे-धीरे इसमें महारत हासिल कर ली। हर वर्ष त्योहारों पर वे अपनी कलाकृतियों से लोगों का ध्यान आकर्षित करते हैं। इस बार दीपावली पर उन्होंने नीम करोली बाबा की मनमोहक रंगोली तैयार की है, जिसकी नगर में खूब सराहना हो रही है।
कई चर्चित हस्तियों की बना चुके हैं रंगोली
टीपू खान इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, प्रेमानंद महाराज, पंडित प्रदीप मिश्रा और सियाराम बाबा सहित कई चर्चित हस्तियों की रंगोली बना चुके हैं। इसके अलावा मां वाग्देवी, भगवान श्रीकृष्ण, भगवान गणेश और विभिन्न राजनीतिक एवं ऐतिहासिक व्यक्तित्वों को भी अपनी कला के माध्यम से आकार दे चुके हैं।
श्रावण में करते हैं भगवान शिव का निःशुल्क श्रृंगार
टीपू खान की कला केवल रंगोली तक सीमित नहीं है। श्रावण माह में वे मंदिरों में जाकर भगवान भोलेनाथ का आकर्षक श्रृंगार भी निःशुल्क करते हैं। उनका मानना है कि कला और आस्था को धर्म की सीमाओं में नहीं बांधा जा सकता।
टीपू खान का कहना है, “कला किसी धर्म से जुड़ी हुई नहीं होती। अगर भगवान ने मुझे यह हुनर दिया है, तो मैं हर त्योहार पर रंगोली बनाकर अपनी कला का प्रदर्शन करूंगा। सभी त्योहारों में भगवान का आकर्षक श्रृंगार करने में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेता हूं।”
टीपू खान की यह पहल बताती है कि प्रतिभा और इंसानियत किसी धर्म की मोहताज नहीं होती। उनकी रंगोली दीपावली के अवसर पर सामाजिक सौहार्द, आपसी प्रेम और एकता का खूबसूरत संदेश दे रही है।

More Stories
दीपावली की रात कटनी और सिवनी में भीषण अग्निकांड, 12 लोगों की दर्दनाक मौत
भोपाल में दीपावली की रात कई जगह लगी आग, घोड़ा नक्कास में मकान में फंसी महिला का रेस्क्यू
रतलाम के महालक्ष्मी मंदिर में अनोखा शृंगार: करोड़ों के नोटों और सोने-चांदी के जेवरों से सजा मां का दरबार