V India News

Web News Channel

दीपावली की रात कटनी और सिवनी में भीषण अग्निकांड, 12 लोगों की दर्दनाक मौत

दीपावली की रात मध्य प्रदेश के दो परिवारों के लिए काल बनकर आई। कटनी जिले के बरही और सिवनी जिले के छपारा में दो अलग-अलग मकानों में भीषण आग लगने से 12 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों घटनाओं में छह-छह लोगों ने जान गंवाई, जबकि कुछ लोग घायल हुए हैं। दीपावली की खुशियों के बीच हुए इन दर्दनाक अग्निकांडों से दोनों क्षेत्रों में मातम पसरा हुआ है।

कटनी: क्रॉकरी दुकान से तीन मंजिला मकान तक पहुंची आग

कटनी जिला मुख्यालय से करीब 55 किलोमीटर दूर बरही कस्बे में दीपावली की रात करीब 11:30 बजे पूरन अग्रवाल और रितेश अग्रवाल की क्रॉकरी दुकान में अचानक आग लग गई। दुकान के ऊपर ही परिवार का तीन मंजिला मकान बना हुआ था। देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के समय परिवार के सदस्य मकान में सो रहे थे। आग और घने धुएं के कारण उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। इस दर्दनाक हादसे में परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में दो बुजुर्ग, एक महिला और तीन बच्चे शामिल हैं। वहीं, एक पुरुष और एक महिला किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।

पांच घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग

आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया और दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर बरही, विजयराघवगढ़, कैमोर और कटनी नगर निगम की दमकल टीमें पहुंचीं। करीब पांच घंटे तक चले अभियान के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक छह लोगों की जान जा चुकी थी।

सिवनी: सर्राफा व्यापारी के मकान में छह लोगों की मौत

दूसरी घटना सिवनी जिले के छपारा नगर के महावीर वार्ड स्थित जैन मोहल्ले में हुई। यहां सोमवार तड़के करीब तीन बजे प्रसिद्ध सर्राफा व्यापारी कुंदन सोनी के मकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में सो रहे लोगों को संभलने और बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।

इस हादसे में एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान कुंदन लाल सोनी (75), राजकुमारी सोनी (65), ऋतु सोनी (42), स्मृति सोनी (40), सूर्या सोनी (45) और आदित्य सोनी (16) के रूप में हुई है।

चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला

लखनादौन के एसडीओपी अपूर्व भलावी के मुताबिक, हादसे के समय मकान में कुल 10 लोग मौजूद थे। इनमें से छह की मौत हो गई, जबकि चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बचाए गए लोगों में अमायरा सोनी (7), रितेश सोनी (45), सौरभ सोनी (43) और आकर्ष सोनी (14) शामिल हैं। आग की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर घर में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।

जांच में जुटा प्रशासन, दो परिवारों में पसरा मातम

कटनी और सिवनी में कुछ ही घंटों के अंतराल पर हुए इन दोनों बड़े अग्निकांडों ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। एक ओर जहां दीपावली पर घरों में खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं इन दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए मातम में बदल गईं। दोनों हादसों में आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।