भोपाल। मध्यप्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के बीच भोपाल में बड़ी सफलता मिली है। भोपाल रेलवे स्टेशन पर चेन्नई से दिल्ली जा रही GT एक्सप्रेस से एक विदेशी महिला को करीब 500 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया गया है। रेलवे स्टेशन पर मिले इनपुट के आधार पर GRP, RPF और डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) की संयुक्त टीम ने ट्रेन के सेकंड एसी कोच में छापेमारी कर यह कार्रवाई की।
प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर ट्रेन रुकते ही कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 7:45 बजे GT एक्सप्रेस भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर पहुंची। इसी दौरान पहले से सक्रिय संयुक्त टीम ने ट्रेन के सेकंड एसी कोच में तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान एक विदेशी महिला को रोककर उसके सामान की तलाशी ली गई, जिसमें करीब 500 ग्राम कोकीन बरामद हुई। इसके बाद महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला चेन्नई से दिल्ली की यात्रा कर रही थी। जांच एजेंसियों को आशंका है कि कोकीन की यह खेप दिल्ली में किसी व्यक्ति तक पहुंचाई जानी थी। हालांकि, महिला सीधे तस्करी में शामिल थी या किसी बड़े गिरोह के लिए कैरियर के रूप में काम कर रही थी, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। गिरफ्तारी के बाद महिला को आगे की जांच के लिए DRI के सुपुर्द कर दिया गया।
दिल्ली में किसे होनी थी कोकीन की डिलीवरी?
DRI अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच एजेंसी यह पता लगा रही है कि महिला को कोकीन कहां से मिली, इसके पीछे कौन लोग सक्रिय हैं और दिल्ली में इसका रिसीवर कौन था। इसके अलावा भोपाल में भी इसकी सप्लाई की संभावना को लेकर जांच की जा रही है।
महिला के संपर्कों, यात्रा मार्ग और संभावित तस्करी नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है। मामले में NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि नशे की खेप एक शहर से दूसरे शहर तक पहुंचाने के लिए रेलवे मार्ग का इस्तेमाल किया जा रहा था।

More Stories
भोपाल; छठ महापर्व की तैयारियों में जुटा प्रशासन, मंत्री विश्वास सारंग ने घाटों का किया निरीक्षण!
दीपावली की रात कटनी और सिवनी में भीषण अग्निकांड, 12 लोगों की दर्दनाक मौत
भोपाल में दीपावली की रात कई जगह लगी आग, घोड़ा नक्कास में मकान में फंसी महिला का रेस्क्यू