उज्जैन। आमतौर पर शहर के प्रथम नागरिक यानी महापौर को सरकारी बैठकों, गाड़ियों के काफिले और वीआईपी प्रोटोकॉल के बीच देखा जाता है, लेकिन दीपावली के मौके पर उज्जैन के महापौर मुकेश टटवाल का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। वे अपनी महापौर की जिम्मेदारियों और औपचारिकताओं से इतर इंदौर रोड स्थित संत नगर की एक छोटी-सी पान की गुमटी पर पहुंचे और खुद पान बनाकर लोगों को खिलाते नजर आए।
महापौर को अचानक अपनी पुरानी दुकान पर पान बनाते देख राहगीर और स्थानीय लोग भी हैरान रह गए। देखते ही देखते दुकान पर लोगों की भीड़ जुट गई। किसी को मीठा पान तो किसी को मद्रासी पत्ता खिलाया गया। करीब दो घंटे तक दुकान पर हंसी-मजाक और ठहाकों का दौर चलता रहा।
30 साल पुरानी दुकान से जुड़ी हैं यादें
दरअसल, संत नगर स्थित यह पान की गुमटी महापौर मुकेश टटवाल के लिए महज एक दुकान नहीं, बल्कि उनके संघर्ष और पुराने दिनों की यादों से जुड़ी विरासत है। करीब 30 साल पहले इसी दुकान से उनके परिवार का भरण-पोषण होता था। यहीं से उनके जीवन और राजनीतिक सफर की शुरुआत भी जुड़ी रही।
महापौर बनने के बाद भी टटवाल अपनी पुरानी पहचान और इस दुकान से जुड़े रिश्ते को नहीं भूले। वे हर साल दीपावली पर यहां पहुंचते हैं और कुछ समय अपनी पुरानी भूमिका में बिताते हैं।
पान के साथ सुनीं लोगों की समस्याएं
इस दौरान दुकान पर पहुंचे लोगों ने पान का स्वाद लेने के साथ महापौर से शहर की समस्याओं पर भी चर्चा की। किसी ने अपनी व्यक्तिगत परेशानी बताई तो किसी ने स्थानीय व्यवस्थाओं से जुड़ी शिकायत रखी। महापौर ने भी बिना किसी औपचारिकता के लोगों की बातें सुनीं और समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।
दीपावली के इस मौके पर महापौर का यह अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। उनकी यह तस्वीर एक संदेश भी देती नजर आई कि पद और प्रतिष्ठा मिलने के बाद भी अपनी पुरानी पहचान, संघर्ष के दिनों और लोगों से जुड़े रिश्तों को नहीं भूलना चाहिए।

More Stories
उज्जैन में गोवर्धन पूजा पर अनोखी परंपरा: श्रद्धालुओं के ऊपर से दौड़ा दीं दर्जनों गायें, पांच दिन के उपवास के बाद निभाई रस्म
महिला के यौन उत्पीड़न और दुष्कर्म के आरोपों में घिरे महामंडलेश्वर इंद्रदेव महाराज, जीरो FIR दर्ज
उज्जैन में दीपावली की रात भीषण आग, मकान में फंसे परिवार के 10 सदस्य; 107 वर्षीय बुजुर्ग की मौत