उज्जैन। श्रीमद्भागवत, देवी भागवत और द्वादश ज्योतिर्लिंग कथा के कथावाचक तथा श्री पंचायती निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी इंद्रदेवेश्वरानंद सरस्वती (संत इंद्रदेव महाराज) गंभीर आरोपों को लेकर चर्चा में हैं। मुंबई की एक महिला ने उन पर यौन उत्पीड़न, अश्लील वीडियो कॉल और दुष्कर्म के आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, महाराज ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज करते हुए इसे ब्लैकमेलिंग और धन उगाही की साजिश बताया है।
वीडियो कॉल और आश्रम में दुष्कर्म का आरोप
शिकायतकर्ता महिला का आरोप है कि सत्संग में शामिल होने और दीक्षा लेने के बाद महाराज उससे लगातार फोन और वीडियो कॉल के जरिए संपर्क करने लगे। महिला के मुताबिक, जून 2024 और 29 नवंबर 2025 को हुई वीडियो कॉल के दौरान महाराज कथित तौर पर नग्न अवस्था में थे और उन्होंने गुरु की आज्ञा का हवाला देकर उसे भी कपड़े उतारने के लिए मजबूर किया।
महिला ने आरोप लगाया कि 4 नवंबर 2025 को वह अपनी बेटी के साथ वृंदावन स्थित सेवाधाम आश्रम पहुंची थी। इसी दौरान रात करीब 10:30 बजे महाराज ने उसे अपने कमरे में बुलाया और दरवाजा बंद कर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
शिकायत में धमकी देने और बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग डिलीट कराने का दबाव बनाने के आरोप भी लगाए गए हैं। महिला का दावा है कि उसे जून 2026 में भी फोन पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
सत्संग से शुरू हुई थी जान-पहचान
एफआईआर के अनुसार, महिला ने जनवरी 2023 में पारिवारिक समस्याओं के समाधान और मानसिक शांति के उद्देश्य से फेसबुक पर महाराज के प्रवचन देखने शुरू किए थे। इसके बाद टीवी पर उपलब्ध संपर्क नंबर के माध्यम से वह 12 अप्रैल 2023 को मुंबई के सांताक्रूज में आयोजित सात दिवसीय सत्संग में पहुंची। अगले दिन उसने दीक्षा ली। दिसंबर 2023 में निजी समस्याओं के समाधान के लिए दोबारा संपर्क करने के बाद कथित तौर पर विवादित घटनाक्रम शुरू हुआ।
जीरो एफआईआर दर्ज, अखाड़ा परिषद जांच के इंतजार में
मामले में ठाणे के काशीमीरा थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मामला वृंदावन स्थानांतरित किया गया है। अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी महाराज ने भी मामले की जानकारी मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस की जांच रिपोर्ट आने के बाद अखाड़े के पंच बैठक करेंगे और आगे की कार्रवाई पर निर्णय लेंगे। इसमें निष्कासन जैसे कदम पर भी विचार किया जा सकता है।
दूसरी ओर, इंद्रदेव महाराज ने सभी आरोपों को झूठा और मनगढ़ंत बताया है। उनका कहना है कि उन्हें बदनाम करने और धन उगाही के उद्देश्य से यह साजिश रची गई है।
उज्जैन में बन रहा है बड़ा आश्रम
इंद्रदेव महाराज का उज्जैन से भी जुड़ाव है। भूखी माता मंदिर रोड पर उनका बड़ा आश्रम और गौशाला निर्माणाधीन है। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के बीच शहर में संतों के स्थायी आश्रम विकसित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में इंद्रदेव महाराज का आश्रम भी तैयार किया जा रहा है।
फिलहाल मामले में पुलिस जांच और अखाड़ा परिषद के अगले फैसले पर नजर बनी हुई है। आरोपों की सत्यता जांच पूरी होने और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

More Stories
उज्जैन में गोवर्धन पूजा पर अनोखी परंपरा: श्रद्धालुओं के ऊपर से दौड़ा दीं दर्जनों गायें, पांच दिन के उपवास के बाद निभाई रस्म
महापौर की कुर्सी छोड़ दीपावली पर पान की गुमटी पर पहुंचे मुकेश टटवाल, खुद बनाकर खिलाया लोगों को पान
उज्जैन में दीपावली की रात भीषण आग, मकान में फंसे परिवार के 10 सदस्य; 107 वर्षीय बुजुर्ग की मौत