उज्जैन। दीपावली की रात उज्जैन के नागझिरी क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया। देवास रोड स्थित सोयाबीन प्लांट के सामने दो मंजिला मकान के नीचे बनी दो दुकानों में रात करीब 9 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और मकान की ऊपरी मंजिल तक धुआं फैल गया। इस दौरान मकान में मौजूद विश्वकर्मा परिवार के 10 सदस्य फंस गए। स्थानीय व्यापारियों, पुलिस और नगर निगम की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला। हालांकि, इस हादसे में 107 वर्षीय बुजुर्ग मोहनलाल की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं।
दीपावली पूजन के बाद पटाखे फोड़ने जा रहा था परिवार
नागझिरी थाना क्षेत्र में देवास रोड स्थित विश्वकर्मा हार्डवेयर और विश्वकर्मा इलेक्ट्रॉनिक नाम से दो दुकानें संचालित हैं। दीपावली की रात करीब 9 बजे दोनों दुकानों में अचानक आग भड़क उठी। दुकानों के ऊपर बने दो मंजिला मकान में विश्वकर्मा परिवार के 10 सदस्य मौजूद थे। आग और धुएं ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे परिवार के सदस्य अंदर ही फंस गए।
परिवार के सदस्य कमलेश ने बताया कि दीपावली का पूजन करने के बाद परिवार के लोग बच्चों को लेकर नीचे पटाखे फोड़ने के लिए आ ही रहे थे, तभी अचानक चारों तरफ धुआं फैल गया और सभी उसकी चपेट में आ गए।
व्यापारियों और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के व्यापारी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। व्यापारी बादल चौहान के अनुसार, लोगों ने तत्काल नगर निगम की टीम को सूचना दी। नागझिरी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी के सहयोग से परिवार के 10 सदस्यों को सुरक्षित नीचे उतारा गया, लेकिन बुजुर्ग ऊपर ही फंसे रह गए।
सीएसपी श्वेता गुप्ता ने बताया कि घटना में परिवार के दो सदस्य घायल हुए हैं। बुजुर्ग को गंभीर अवस्था में शासकीय चरक भवन अस्पताल पहुंचाया गया।
धुएं में दम घुटने से 107 वर्षीय बुजुर्ग की मौत
शासकीय चरक भवन अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर ने बुजुर्ग की मौत की पुष्टि की। मृतक की पहचान मोहनलाल पिता शंकरलाल के रूप में हुई है। डॉक्टर के मुताबिक, धुएं के कारण दम घुटने से उनकी मौत हुई। परिवार के सदस्य कमलेश ने बताया कि आग लगने के बाद पूरे मकान में धुआं भर गया था। स्थानीय लोगों और प्रशासन के सहयोग से परिवार के अन्य सदस्यों की जान बच सकी।
लाखों का सामान जलकर खाक, प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे
दोनों दुकानों में हार्डवेयर, इलेक्ट्रॉनिक सामान के साथ दीपावली के लिए रखा ऑयल पेंट और अन्य ज्वलनशील पदार्थ मौजूद थे। आग के कारण दुकानों में रखा सामान जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना पर कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, एसडीएम पवन बारिया, सीएसपी श्वेता गुप्ता, नागझिरी थाना प्रभारी राकेश कुमार भारती सहित पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। दीपावली की खुशियों के बीच हुए इस हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

More Stories
उज्जैन में गोवर्धन पूजा पर अनोखी परंपरा: श्रद्धालुओं के ऊपर से दौड़ा दीं दर्जनों गायें, पांच दिन के उपवास के बाद निभाई रस्म
महिला के यौन उत्पीड़न और दुष्कर्म के आरोपों में घिरे महामंडलेश्वर इंद्रदेव महाराज, जीरो FIR दर्ज
महापौर की कुर्सी छोड़ दीपावली पर पान की गुमटी पर पहुंचे मुकेश टटवाल, खुद बनाकर खिलाया लोगों को पान