उज्जैन। दीपावली की रौनक अभी थमी भी नहीं है कि धार्मिक नगरी उज्जैन एक अनोखे पारंपरिक मेले के लिए तैयार हो गई है। यह मेला किसी कार या बाइक का नहीं, बल्कि गधों, खच्चरों और घोड़ों की खरीद-बिक्री का है। करीब 100 साल पुरानी परंपरा वाला यह मेला 21 नवंबर से शुरू होकर 24 नवंबर यानी कार्तिक पूर्णिमा तक आयोजित होगा।
क्षिप्रा नदी के तट पर बड़नगर रोड स्थित कार्तिक मेला ग्राउंड में लगने वाले इस मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। जगह की कमी के चलते व्यापारियों ने फिलहाल अपने पशुओं को नृसिंह घाट ब्रिज के सामने मालियों के बगीचे में किराये पर जगह लेकर रखा है। देश के अलग-अलग हिस्सों से व्यापारी यहां पहुंचने लगे हैं।
दांत और कद-काठी से तय होती है कीमत
मेले में गधों की कीमत उनके दांत, उम्र और कद-काठी के आधार पर तय की जाती है। सामान्य तौर पर इनकी कीमत 4 हजार से 15 हजार रुपये तक होती है, जबकि अच्छी नस्ल के पशुओं की कीमत इससे अधिक भी हो सकती है। खच्चरों की मांग विशेष रूप से रहती है, क्योंकि वे कम चारे में अधिक वजन ढोने की क्षमता रखते हैं।
सलमान, शाहरुख और पुष्पा नाम वाले गधे बनेंगे आकर्षण
इस मेले की सबसे दिलचस्प बात यहां बिकने वाले पशुओं के नाम हैं। व्यापारियों ने अपने गधों और खच्चरों के नाम फिल्मी सितारों और चर्चित हस्तियों के नाम पर रखे हैं। इनमें सलमान, शाहरुख, आलिया, रणबीर, ऐश्वर्या, दीपिका, पुष्पा, तेजस्वी और ओवैसी जैसे नाम शामिल हैं। इन अनोखे नामों को सुनकर मेले में आने वाले लोग भी आकर्षित होते हैं। कई लोग इन पशुओं को गुलाबजामुन खिलाकर अपना प्यार जताते हैं।
देश में तीन प्रमुख स्थानों पर लगते हैं ऐसे मेले
पशु व्यापार से जुड़ी इस परंपरा के प्रमुख आयोजन राजस्थान के जयपुर स्थित लूणियावास, मध्य प्रदेश के सतना जिले के चित्रकूट और उज्जैन में होते हैं। मध्य प्रदेश में उज्जैन का यह मेला विशेष पहचान रखता है।
कैसे शुरू हुई 100 साल पुरानी परंपरा?
इस मेले की शुरुआत पशुओं की जरूरत और स्थानीय कारोबार से जुड़ी मानी जाती है। मानसून समाप्त होने के बाद प्रजापति समाज के लोग ईंट-भट्टों और मिट्टी के बर्तन बनाने का काम शुरू करते थे। इन कार्यों में सामान ढोने के लिए गधों और अन्य पशुओं की जरूरत पड़ती थी। इसी आवश्यकता के चलते कार्तिक महीने में पशुओं की खरीद-बिक्री के लिए मेले की परंपरा विकसित हुई।
एक समय इस मेले में हजारों पशु पहुंचते थे, लेकिन आधुनिक मशीनों और वाहनों के बढ़ते इस्तेमाल से अब इनकी संख्या घटकर लगभग 300 से 400 रह गई है। शुरुआत में यहां केवल गधों का व्यापार होता था, लेकिन समय के साथ खच्चर और घोड़े भी मेले का हिस्सा बन गए। बदलते दौर के बावजूद यह मेला आज भी उज्जैन की पुरानी व्यापारिक और सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखे हुए है।

More Stories
उज्जैन में चौराहे पर धू-धू कर जली अर्टिगा कार, स्टार्ट करते ही लगी आग; चालक ने कूदकर बचाई जान
सिंहस्थ 2028 से पहले उज्जैन को मिलेगी बड़ी सौगात, 1200 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का भूमि-पूजन; विस्थापितों को मिलेंगे मुफ्त आवास और दुकानें
उज्जैन में गोवर्धन पूजा पर अनोखी परंपरा: श्रद्धालुओं के ऊपर से दौड़ा दीं दर्जनों गायें, पांच दिन के उपवास के बाद निभाई रस्म