V India News

Web News Channel

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव आदित्य विजय सिंह का निधन, 83 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

भोपाल। मध्यप्रदेश के प्रशासनिक जगत से दुखद खबर सामने आई है। प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव और पूर्व राज्य निर्वाचन आयुक्त आदित्य विजय (एवी) सिंह का बुधवार, 11 नवंबर को निधन हो गया। उन्होंने 83 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से प्रशासनिक महकमे और उनके शुभचिंतकों में शोक की लहर है।

दिग्विजय सिंह सरकार में संभाली थी मुख्य सचिव की जिम्मेदारी

आदित्य विजय सिंह 1970 बैच के मध्यप्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी थे। उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के कार्यकाल में प्रदेश के मुख्य सचिव के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई थी। वे मार्च 2002 से जनवरी 2004 तक इस पद पर रहे।

अपने लंबे प्रशासनिक करियर के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दीं। वे ग्वालियर और भोपाल के कलेक्टर भी रह चुके थे। इसके अलावा केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर भी उन्होंने काम किया। मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्हें मध्यप्रदेश का राज्य निर्वाचन आयुक्त नियुक्त किया गया था।

आज भोपाल में होगा अंतिम संस्कार

परिजनों के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 3 बजे भोपाल के सुभाष नगर विश्राम घाट स्थित विद्युत शवदाह गृह में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन से परिवार, प्रशासनिक अधिकारियों और परिचितों में शोक का माहौल है।

आदित्य विजय सिंह का प्रशासनिक जीवन प्रदेश की नौकरशाही में लंबे समय तक महत्वपूर्ण रहा। उनके निधन पर विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग शोक संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।