V India News

Web News Channel

भोपाल; शराब पीने से रोकने पर नाराज युवक पानी की टंकी पर चढ़ा, भाई के सामने दी जान!

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के गुनगा गांव में घरेलू विवाद के बाद एक 20 वर्षीय युवक ने पानी की टंकी पर चढ़कर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि युवक शराब पीने का आदी था और परिजनों द्वारा शराब पीने से मना किए जाने पर नाराज होकर घर से निकल गया था। परिजनों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन वे उसे रोक नहीं सके।

शराब को लेकर हुआ था विवाद

मृतक की पहचान शंकर अहिरवार (20) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, शराब पीने को लेकर शंकर का अपने परिवार के लोगों से विवाद हुआ था। इसके बाद वह गांव के पास बनी पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक को टंकी पर देखकर परिजनों में हड़कंप मच गया। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसे नीचे उतरने के लिए समझाने लगे।

इसी दौरान शंकर का भाई भी उसे बचाने के लिए टंकी पर चढ़ गया। उसने काफी देर तक भाई को समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन शंकर ने उसकी बात नहीं मानी। आखिरकार भाई के सामने ही उसने अपनी जान दे दी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही गुनगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी रिंकू सिंह जाटव के अनुसार, मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।