V India News

Web News Channel

उज्जैन में चौराहे पर धू-धू कर जली अर्टिगा कार, स्टार्ट करते ही लगी आग; चालक ने कूदकर बचाई जान

उज्जैन। शहर के नानाखेड़ा स्थित समुद्र मंथन चौराहे पर मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक अर्टिगा कार अचानक आग की लपटों से घिर गई। कार में आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। देखते ही देखते आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी कार जलकर खाक हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

कार स्टार्ट करते ही लगी आग

नानाखेड़ा थाना पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में कार की पहचान बड़नगर तहसील के बाद गांव निवासी राहुल पिता राधेश्याम की बताई गई है। राहुल ट्रैवल्स का काम करता है। वह रतलाम से धार्मिक यात्रा पर आए एक परिवार को लेने समुद्र मंथन चौराहे पहुंचा था। परिवार के आने के बाद जैसे ही उसने कार स्टार्ट की, उसी दौरान शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई।

15 मिनट की मशक्कत के बाद बुझी आग

कार में आग लगने की सूचना मिलते ही नानाखेड़ा थाना पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। उस समय कार पूरी तरह आग की लपटों से घिरी हुई थी। दमकल कर्मियों ने करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था।

आग के दौरान कार से ब्लास्ट जैसी तेज आवाज भी आई, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। गनीमत रही कि चालक समय रहते बाहर निकल गया और घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।