उज्जैन। सावन महीने के दूसरे सोमवार को उज्जैन में भगवान महाकालेश्वर की भव्य सवारी निकाली गई। शाम करीब 4 बजे 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक भगवान महाकालेश्वर के स्वरूप चंद्रमोलेश्वर ने पालकी में सवार होकर नगर भ्रमण किया। सवारी के दर्शन के लिए मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े रहे और पूरा शहर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा।
सवारी निकलने से पहले महाकाल मंदिर में पंडे-पुजारियों ने विधि-विधान से भगवान महाकाल की पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में बैंड की प्रस्तुति ने भी भक्तिमय वातावरण को और उत्साहपूर्ण बना दिया।
सवारी में झाबुआ और पेटलावद से आए कलाकारों ने भगोरिया शैली में पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर भगवान महाकाल की आराधना की। महिलाओं ने भी सामूहिक नृत्य की प्रस्तुति दी। सवारी मार्ग पर देशभर से आए श्रद्धालुओं ने भगवान चंद्रमोलेश्वर के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
करीब ढाई किलोमीटर का सफर तय करने के बाद सवारी शिप्रा नदी के रामघाट पहुंची। यहां भगवान चंद्रमोलेश्वर का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद सवारी निर्धारित मार्ग से वापस महाकाल मंदिर के लिए रवाना हुई।
तड़के 2:30 बजे खुले मंदिर के कपाट
सवारी से पहले महाकाल मंदिर में तड़के भस्म आरती की विशेष तैयारियां शुरू हो गई थीं। सुबह करीब 2:30 बजे मंदिर के कपाट खोले गए। सभा मंडप में भगवान शिव के गण वीरभद्र के कान में स्वस्ति वाचन कर अनुमति ली गई। इसके बाद चांदी का पट खोलकर कर्पूर आरती की गई।
नंदी हॉल में भगवान नंदी का स्नान, ध्यान और पूजन हुआ। इसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर दूध, दही, घी, शक्कर, शहद और फलों के रस से तैयार पंचामृत से अभिषेक किया गया।
भगवान महाकाल का रजत चंद्र, त्रिशूल, मुकुट और आभूषणों से श्रृंगार किया गया। भांग, चंदन और ड्रायफ्रूट से विशेष सज्जा के बाद भगवान को भस्म अर्पित की गई। शेषनाग का रजत मुकुट, रजत मुंडमाल, रुद्राक्ष की माला और फूलों की मालाएं धारण कराई गईं। अंत में फल और मिठाई का भोग लगाया गया।
ओंकारेश्वर में भी उमड़ी आस्था
सावन सोमवार के साथ प्रदोष का संयोग होने से तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में भी विशेष धार्मिक उत्साह देखने को मिला। यहां ज्योतिर्लिंग का भव्य महाशृंगार किया गया और इसके बाद भगवान को महाभोग अर्पित किया गया। सावन सोमवार के अवसर पर दोनों ज्योतिर्लिंगों में श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर भगवान शिव के दर्शन और पूजन किए।

More Stories
होमवर्क पूरा नहीं करने पर 10वीं के छात्र की पिटाई, डंडे और डस्टर से पीटने का आरोप
उज्जैन में आज सजेगी भक्ति और संगीत की महफिल, बी प्राक सुनाएंगे शिव भजन
उज्जैन में शिप्रा आरती को लेकर विवाद, महाकाल मंदिर समिति और पुरोहित आमने-सामने