V India News

Web News Channel

MP/ग्वालियर; बुजुर्ग महिला ने महादेव को बनाया नॉमिनी; अब ट्रस्ट को मिले लाखों रुपये!

एमपी के ग्वालियर शहर से आस्था का एक अनोखा मामला सामने आया है। जिसमें एक भक्त ने अपने प्रिय भगवान महादेव ऐसी भेंट दी है। जिसकी हर जगह चर्चा हो रही है। दरअसल, महिला भक्त ने अपने किसी रिश्तेदार की जगह शहर में स्थित अचलेश्वर महादेव बाबा को अपनी लाखों की बीमा पॉलिसी में नॉमिनी बनाया। अब उनके निधन के बाद लाखों रुपए मंदिर को दान में मिले हैं। सारी कागजी कार्रवाई करने के बाद पॉलिसी की कुल 7 लाख 42 हजार रुपए भगवान के खाते में आ गए हैं। बुजुर्ग महिला की ऐसी भक्ति को सुनकर लोग गदगद हो गए।

ग्वालियर की रहने वाली माधुरी सक्सेना का निधन 19 मार्च 2022 को हो गया। उन्होंने 28 मार्च 2017 को बीमा सलाहकार सुषमा बंसल की मदद से पेंशन पालिसी ली थी। हालांकि उनकी कोई संतान नहीं थी। लेकिन कुछ नजदीकी रिश्तेदार जरूर थे। इसके बावजूद उन्होंने इस बीमा पालिसी में नामिनी अचलेश्वर महादेव न्यास का नाम लिखकर भगवान अचलनाथ को अपना नामिनी बना दिया।

करीब ढाई साल बाद अचानक स्व. माधुरी सक्सेना की बीमा एजेंट सुषमा बंसल अचलेश्वर महादव मंदिर ट्रस्ट के ऑफिस पहुंची और उनकी बीमा पॉलिसी ट्रस्ट में जमा कराई। 2 दिन पहले इस पॉलिसी के 7 लाख 46 हजार 982 रुपए पॉलिसी धारक के परलोक गमन के बाद ट्रस्ट के खाते में आ गये हैं।

लोग कर रहे भक्ति की तारीफ

ग्वालियर की रहने वाली माधुरी सक्सेना के इस दुनिया से जाने के बाद भी उनकी भक्ति की हर तरफ चर्चा हो रही है। क्योंकि वे जब तक जीवित रही तब तक हमेशा ही शिव की भक्ति में लीन रही। वहीं, जब उनकी मृत्यु हुई तब भी उन्होंने भगवान शिव के लिए भक्ति दिखाई। उन्होंने अपने जीवन की पूंजी मंदिर न्यास को सौंप दी।

मंदिर रेनोवेशन में काम आएगी राशि

भगवान भोलेनाथ की अनन्य भक्त से मिली ये राशि अचलेश्वर महादेव न्यास के लिए बहुत बड़ी रकम है। हालांकि मंदिर में इस समय निर्माण कार्य चल रहा है। ऐसे में इस दान राशि का उपयोग अब मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए किया जाएगा।