V India News

Web News Channel

इंदौर में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी पर विरोध, एफआईआर की मांग!

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में भगवान भोलेनाथ पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर शनिवार को चंदन नगर थाना क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन हुआ। कांवड़ यात्रा के दौरान अखिल भारतीय बलाई महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और संगठन के पदाधिकारी थाने पहुंचे तथा संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि एक धार्मिक सभा में भगवान भोलेनाथ के संबंध में ऐसी टिप्पणी की गई, जिससे हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने नारेबाजी करते हुए पुलिस से तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की। बाद में प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा।

मामले पर एसीपी शिवेंद्र जोशी ने बताया कि पुलिस को एक लिखित शिकायत और कथित वीडियो सौंपा गया है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि वीडियो कब और कहां का है तथा उसमें दिखाई दे रहा व्यक्ति कौन है। उन्होंने कहा कि तथ्यों की पुष्टि के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अखिल भारतीय बलाई महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार ने कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो आरोपी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन आगे बढ़ाएगा।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अधिकारियों का कहना है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण किया जाएगा।