भोपाल। मध्यप्रदेश में मूंग की 100% सरकारी खरीदी और खाद वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर भोपाल पहुंचे करीब 2 हजार किसानों का आंदोलन मंगलवार को और तेज हो गया। मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे किसानों को रोकने के लिए होशंगाबाद रोड पर वीर सावरकर सेतु के पहले भारी पुलिस बल तैनात किया गया। यहां किसान और पुलिस आमने-सामने आ गए। किसान नेताओं ने साफ कहा कि वे मुख्यमंत्री आवास के सामने डेरा डालेंगे और मांगें पूरी होने तक वापस नहीं लौटेंगे।
बैरिकेडिंग हटाकर आगे बढ़े किसान
इससे पहले 11 मील बायपास पर पुलिस ने किसानों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी। इस दौरान किसानों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। आंदोलनकारी बैरिकेड हटाकर आगे बढ़ गए और होशंगाबाद रोड की ओर कूच कर गए। स्थिति को देखते हुए पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
ट्रैफिक डायवर्जन से लंबा जाम, 7 दिन का राशन लेकर पहुंचे किसान
किसानों के मार्च के कारण होशंगाबाद रोड पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया, जिससे कटारा हिल्स रोड पर करीब 3 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। आंदोलनकारी अपने साथ सात दिन का राशन और पानी लेकर भोपाल पहुंचे हैं। किसान नेताओं का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और वे राजधानी से वापस नहीं लौटेंगे।

More Stories
इंदौर में बेकाबू हाथी का हमला, ऑटो चालक की मौत
एक सप्ताह में भाजपा के तीन नेताओं का निधन, मध्य प्रदेश की राजनीति में शोक की लहर!
भोपाल को मिला नया रेलवे स्टेशन ‘निशातपुरा’, 26 जुलाई को होगा लोकार्पण