जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में तेज रफ्तार भारी वाहन की चपेट में आने से एक महिला शिक्षक की मौत हो गई। हादसा संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में पटेल स्वीट्स के सामने हुआ, जहां मंदिर से पूजा-अर्चना कर घर लौट रही महिला को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर (हाइवा) ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला को स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतका की पहचान अंजली गुप्ता के रूप में हुई है। वह एक स्कूल में शिक्षिका थीं। बताया जा रहा है कि घटना वाली शाम अंजली बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने के बाद मंदिर में दर्शन करने गई थीं। रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच पूजा के बाद घर लौटते समय पटेल स्वीट्स के पास पीछे से आए डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि अंजली सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने पहुंचाया अस्पताल
प्रत्यक्षदर्शी रोहित सिंह ठाकुर के मुताबिक हादसे के समय सड़क पर काफी आवाजाही थी। उनका आरोप है कि डंपर चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। टक्कर के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने घायल अंजली को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर अंदरूनी चोटों के चलते उनकी मौत हो गई।
भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। नागरिकों का कहना है कि शहर की व्यस्त और अपेक्षाकृत संकरी सड़कों पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार राहगीरों के लिए लगातार खतरा बनी हुई है। लोगों ने भारी वाहनों की आवाजाही और नो-एंट्री नियमों की प्रभावी निगरानी की मांग की है।
स्थानीय निवासी उदित कुमार शर्मा ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और अनावश्यक ओवरटेक से बचने की अपील की।
डंपर जब्त, चालक हिरासत में
एडिशनल एसपी आयुष जाखड़ ने बताया कि बिलौआ चौक/पटेल स्वीट्स के पास डंपर की टक्कर से महिला की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डंपर को जब्त कर उसके चालक राकेश झारिया, निवासी माढ़ोताल, को हिरासत में लिया है।
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस जांच के बाद हादसे की वास्तविक परिस्थितियां और चालक की लापरवाही की स्थिति स्पष्ट होगी।

More Stories
टीकमगढ़ में पूर्व पार्षद को महिलाओं ने घेरा, मारपीट का VIDEO वायरल
इंदौर में चलती कार अचानक बनी आग का गोला, यातायात पुलिस ने जान जोखिम में डालकर चालक को बाहर निकाला
जबलपुर कारावास में अनोखी पहल: जेल में कैदियों ने बनाई 150 ईको फ्रेंडली गणेश प्रतिमाएं!