उज्जैन। जिला कोर्ट परिसर में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बुजुर्ग ने कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें चरक अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती कर लिया। बुजुर्ग की पहचान फाजलपुरा निवासी अब्दुल अजीज के रूप में हुई है।
अस्पताल में बातचीत के दौरान अब्दुल अजीज ने पैसों के लेनदेन और कथित मारपीट से परेशान होकर यह कदम उठाने की बात कही। उन्होंने दो लोगों पर लंबे समय से परेशान करने और धमकियां देने के आरोप लगाए हैं।
21 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद
अब्दुल अजीज के अनुसार, पिछले करीब एक साल से साजिद और असलम नाम के दो लोग उन्हें पैसों के लेनदेन को लेकर परेशान कर रहे हैं। उनका कहना है कि साजिद के 21 हजार रुपये बकाया थे। इसमें से 7 हजार रुपये उन्होंने चिमनगंज मंडी थाने में लिखित कार्रवाई के तहत जमा कराए थे। इसके अलावा साजिद उनके घर पहुंचकर भी 7 हजार रुपये ले चुका है। इसके बावजूद अलग-अलग थानों में उनके खिलाफ शिकायतें की जा रही हैं।
मारपीट और रुपये छीनने का भी आरोप
बुजुर्ग ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले उनके साथ मारपीट की गई और जेब से 300 रुपये छीन लिए गए। उनका दावा है कि आए दिन उनके साथ मारपीट कर रुपये ले लिए जाते हैं। उन्होंने अपने बच्चे को जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप भी लगाया है। अब्दुल अजीज के मुताबिक, उन्होंने इस संबंध में एसपी कार्यालय और थाने में भी शिकायत की थी।
पुलिस कर रही मामले की जांच
माधवनगर थाना प्रभारी गजेंद्र पचोरिया ने बताया कि बुजुर्ग द्वारा जहरीले पदार्थ का सेवन किए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। उन्हें उपचार के लिए चरक अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। उन्होंने ऐसा कदम क्यों उठाया और इसके पीछे क्या परिस्थितियां रहीं, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि बुजुर्ग के बयान और पूर्व में की गई शिकायतों की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

More Stories
मां के साथ महाकाल की भस्म आरती में पहुंचीं अभिनेत्री तमन्ना भाटिया, नंदी के कान में कही मनोकामना
नशे के कारोबारियों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, 10 साल से फरार 60 से अधिक आरोपियों पर 10-10 हजार का इनाम
पत्नी की हत्या कर बिस्तर पेटी में जलाया शव, आरोपी पति को उम्रकैद; अदालत ने सुनाया फैसला