इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में एक रिहैब सेंटर के अंदर युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। रावजी बाजार थाना क्षेत्र स्थित सेंटर में इलाज करा रहे सचेंद्र लोधी ने शनिवार को कथित तौर पर अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही सेंटर में हड़कंप मच गया। वहीं, घटना के बाद वहां रह रहे करीब 50 से 60 मरीज सेंटर से बाहर निकल आए और अपने-अपने घर चले गए।
जानकारी के मुताबिक, सचेंद्र लोधी करीब एक महीने पहले इलाज के लिए रिहैब सेंटर में भर्ती हुआ था। शनिवार को सेंटर में मरीजों की काउंसलिंग क्लास चल रही थी। इसी दौरान सचेंद्र ने थकान होने की बात कही और क्लास से निकलकर आराम करने के लिए अपने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद जब अन्य मरीज उसके कमरे में पहुंचे तो वह फांसी के फंदे पर लटका मिला। इसके बाद सेंटर में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को सूचना दी गई।
जीजा ने प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप
घटना की जानकारी मिलने पर सचेंद्र के जीजा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने सेंटर प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही और मरीज के साथ बर्बरता करने के आरोप लगाए। परिजनों का कहना है कि सेंटर में कथित अव्यवस्थाओं और प्रबंधन के व्यवहार की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
घटना के बाद सेंटर छोड़कर चले गए मरीज
युवक की मौत के बाद सेंटर में रह रहे अन्य मरीज भी घबरा गए। उन्होंने प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए और वहां से बाहर निकल गए। बताया जा रहा है कि करीब 50 से 60 मरीज सेंटर छोड़कर अपने घर चले गए। इस घटनाक्रम ने रिहैब सेंटर में मरीजों की सुरक्षा और देखभाल की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही युवक की मौत से जुड़े वास्तविक तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

More Stories
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस: ‘समृद्ध किसान-समृद्ध प्रदेश’ के संकल्प के साथ विकास की नई राह पर एमपी
महू में इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी को गोली मारने वाले पूर्व आर्मी जवान को उम्रकैद!
करवाचौथ के दिन पत्नी की हत्या: पति ने खलबट्टे से सिर पर किया वार, खुद पुलिस को फोन कर दी सूचना