ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में करवाचौथ के दिन एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखने वाली पत्नी की उसी दिन उसके पति ने कथित तौर पर हत्या कर दी। घटना मुरार थाना क्षेत्र के त्यागी नगर स्थित डिफेंस स्कूल के पास की है। वारदात के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
खलबट्टे से सिर पर किया हमला
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान सुधा श्रीवास्तव के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम आनंद श्रीवास्तव बताया गया है। करवाचौथ के दिन सुबह आनंद ने घर में सभी के लिए पोहा बनाया था। इस दौरान सुधा घर में पलंग पर आराम कर रही थीं। बताया जा रहा है कि इसी बीच किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान गुस्से में आए आनंद ने खलबट्टे से सुधा के सिर पर जोरदार वार कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर मुरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हत्या के बाद खुद पुलिस को किया फोन
इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि वारदात के बाद आरोपी पति ने खुद पुलिस को फोन करके पत्नी की हत्या की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पति-पत्नी के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था और हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी।
आरोपी की मानसिक स्थिति को लेकर भी चर्चा
बताया जा रहा है कि आनंद श्रीवास्तव त्यागी नगर में रहता है और एक दुकान पर मजदूरी का काम करता है। स्थानीय स्तर पर उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात भी सामने आई है, हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में इस पहलू की भी जांच की जा रही है।
करवाचौथ जैसे पर्व पर हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। जिस दिन सुधा अपने पति की लंबी उम्र की कामना कर रही थीं, उसी दिन उनकी जिंदगी का अंत हो गया। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल के साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

More Stories
महू में इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी को गोली मारने वाले पूर्व आर्मी जवान को उम्रकैद!
करवाचौथ पर पति नहीं ले गया ब्यूटी पार्लर, पत्नी ने किया सुसाइड
रानी कमलापति स्टेशन पर पैंट्री वेंडर्स की गुंडागर्दी, यात्री को ट्रेन से नीचे खींचकर पीटा, 3 संदिग्ध हिरासत में