V India News

Web News Channel

फ्रीगंज ओवरब्रिज निर्माण ने पकड़ी रफ्तार, जल्द खुलेगी मक्सी रोड की सर्विस रोड; जाम से मिलेगी राहत

उज्जैन। शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। फ्रीगंज में निर्माणाधीन नए समानांतर ओवरब्रिज का काम अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। ब्रिज के मक्सी रोड वाले हिस्से में 42-42 टन वजनी प्रीकास्ट स्लैब रखने का काम पूरा कर लिया गया है। इस भारी-भरकम काम को पूरा करने के लिए 120 टन क्षमता वाली दो बड़ी क्रेनों की मदद ली गई। निर्माण कार्य को गति देने के लिए रात में भी काम जारी रखा गया।

सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि मक्सी रोड की ओर बनी सर्विस रोड को जल्द ही आम लोगों के लिए खोलने की तैयारी है। इसके शुरू होने से टॉवर चौराहा और ग्रांड होटल के सामने लगने वाले ट्रैफिक जाम से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। निर्माण एजेंसी का लक्ष्य दीपावली तक स्लैब लगाने का काम पूरा करना है। इसके बाद निर्माण कार्य टॉवर चौराहे की दिशा में आगे बढ़ाया जाएगा। इस हिस्से में तोड़फोड़ की जरूरत कम होने के कारण काम अपेक्षाकृत तेजी से पूरा होने की संभावना है।

सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखकर बन रहा फोरलेन ब्रिज

फ्रीगंज का यह समानांतर ओवरब्रिज सिंहस्थ 2028 के मद्देनजर शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बनाया जा रहा है। करीब 633 मीटर लंबे और 21.40 मीटर चौड़े इस फोरलेन ब्रिज के निर्माण पर 91.76 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। ब्रिज पर दोनों ओर 9-9 मीटर चौड़ी सड़क, फुटपाथ और बीच में डिवाइडर बनाया जाएगा।

पुराने और नए शहर के बीच घटेगा ट्रैफिक दबाव

ओवरब्रिज तैयार होने के बाद पुराने और नए शहर के बीच आवागमन आसान होने की उम्मीद है। इससे फ्रीगंज, चामुंडा माता चौराहा, टॉवर चौराहा और आसपास के क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम होगा। खासतौर पर सिंहस्थ 2028 के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की आवाजाही को सुगम बनाने में यह ब्रिज महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।