V India News

Web News Channel

पत्नी के साथ महाकाल की शरण में पहुंचे भाजपा प्रदेश प्रभारी बिप्लब देब, बोले- सभी के मंगल और प्रदेश की प्रगति की कामना की

उज्जैन। भारतीय जनता पार्टी के मध्य प्रदेश प्रभारी एवं त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब गुरुवार को पत्नी के साथ धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया। उन्होंने प्रदेश की खुशहाली, सुख-समृद्धि और भाजपा संगठन की सफलता के लिए प्रार्थना की।

उज्जैन पहुंचने पर सर्किट हाउस में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे पत्नी के साथ महाकाल मंदिर पहुंचे। इस दौरान स्थानीय सांसद, भाजपा जिलाध्यक्ष सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

संगठन की जिम्मेदारी मिलने के बाद पहली उज्जैन यात्रा

दर्शन के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए बिप्लब देब ने कहा कि बाबा महाकाल के दरबार में आना हर किसी का सौभाग्य है। वे पहले भी दो बार उज्जैन आ चुके हैं, लेकिन मध्य प्रदेश प्रभारी का दायित्व मिलने के बाद संगठनात्मक दृष्टि से यह उनकी पहली यात्रा है। उन्होंने उज्जैन को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की नगरी बताते हुए कहा कि वे सभी के मंगल और मध्य प्रदेश की प्रगति के लिए बाबा महाकाल से आशीर्वाद लेने आए हैं।

बोले- मैं राहुल गांधी नहीं हूं, जो हर बात पर राजनीति करूं

इंदौर में आयोजित कार्यक्रमों और राजनीतिक सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए बिप्लब देब ने कहा, “मैं कोई राहुल गांधी नहीं हूं, जो हर बात पर राजनीति करूं। मैं मंदिर में राजनीति करने नहीं आया हूं।” उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य धार्मिक दर्शन करना और संगठन की जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ निभाना है।