V India News

Web News Channel

इंदौर में चलती कार अचानक बनी आग का गोला, यातायात पुलिस ने जान जोखिम में डालकर चालक को बाहर निकाला

इंदौर। चोइथराम मंडी के पास शनिवार को एक चलती कार अचानक आग का गोला बन गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के दौरान कार चला रहा युवक अंदर ही फंस गया और गंभीर रूप से झुलस गया। मौके पर पहुंची यातायात पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार का कांच तोड़कर चालक को बाहर निकाला और उसकी जान बचाने का प्रयास किया।

जानकारी के मुताबिक, चोइथराम मंडी के पास चल रही रिट्ज कार में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। सूचना मिलते ही यातायात थाना जोन-4 के प्रभारी सुमित बिलोनिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

कांच तोड़कर निकाला बाहर

आरक्षक विजय, प्रधान आरक्षक कमल और एएसआई जे.पी. तिवारी के साथ थाना प्रभारी ने बिना समय गंवाए कार का कांच तोड़ा और अंदर फंसे चालक को बाहर निकाला। युवक आग की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस चुका था।

पुलिसकर्मियों ने मौके पर प्राथमिक उपचार के साथ सीपीआर देकर उसकी हालत संभालने का प्रयास किया। इसके बाद लोडिंग रिक्शा की मदद से घायल को तत्काल चोइथराम अस्पताल पहुंचाया गया।

करीब 40 प्रतिशत झुलसा चालक

अस्पताल में प्राथमिक जांच के दौरान चालक के शरीर का करीब 40 प्रतिशत हिस्सा झुलसने की जानकारी सामने आई। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उपचार जारी है।

बताया गया कि कार में रखे कुछ नोट भी आग की चपेट में आकर जल गए। यातायात पुलिस ने आग बुझाने की कार्रवाई भी की।

घटना के बाद यातायात डीसीपी ने थाना प्रभारी सुमित बिलोनिया सहित पूरी टीम की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की। संकट की घड़ी में पुलिसकर्मियों द्वारा दिखाई गई तत्परता ने एक जिंदगी बचाने की उम्मीद कायम रखी।