V India News

Web News Channel

भोपाल में किसानों का आंदोलन समाप्त, सरकार ने 60% मूंग खरीदी और ई-टोकन व्यवस्था में बदलाव का किया ऐलान!

भोपाल। न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर मूंग की खरीद, ई-टोकन व्यवस्था और सरकारी खरीदी से जुड़ी मांगों को लेकर भोपाल में जारी किसानों का आंदोलन तीसरे दिन समाप्त हो गया। मध्य प्रदेश सरकार के साथ हुई वार्ता के बाद अधिकांश किसान संगठनों ने सरकार के प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए धरना खत्म करने का फैसला लिया। हालांकि कुछ किसान अब भी एमएसपी पर मूंग की 100 प्रतिशत सरकारी खरीद की मांग पर अड़े हुए हैं।

सरकार ने आंदोलनरत किसानों से चर्चा के बाद बड़ा फैसला लेते हुए पात्र किसानों की मूंग उपज का 25 प्रतिशत के बजाय 60 प्रतिशत तक उपार्जन करने की घोषणा की। इसके साथ ही मूंग खरीदी की अंतिम तिथि 10 अगस्त से बढ़ाकर 20 अगस्त कर दी गई है। सरकार ने ई-टोकन व्यवस्था में सुधार के लिए एक समिति गठित करने और फिलहाल इस व्यवस्था को स्थगित रखने का भी निर्णय लिया है।

सरकार के इन फैसलों के बाद मुख्यमंत्री आवास के पास रोशनपुरा चौराहे पर प्रदर्शन कर रहे अधिकांश किसान संगठनों ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा कर दी। किसानों का कहना है कि फिलहाल सरकार के प्रस्ताव को स्वीकार किया गया है, लेकिन आगे की रणनीति पर जल्द ही सभी किसान संगठन मिलकर चर्चा करेंगे।

हालांकि कुछ किसान नेताओं ने स्पष्ट किया कि उनकी मुख्य मांग एमएसपी पर मूंग की 100 प्रतिशत सरकारी खरीद की है और इस मुद्दे पर अंतिम निर्णय सभी हितधारकों से चर्चा के बाद ही लिया जाएगा।

राष्ट्रवादी किसान आर्मी के प्रदेश संयोजक प्रतीक शर्मा ने कहा कि सरकार के फैसलों से किसान संतुष्ट हैं और सभी संगठनों ने फिलहाल आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया है।

वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त हो गया है। किसानों की सुरक्षित घर वापसी के लिए प्रशासन ने बसों की व्यवस्था की, जिसके बाद प्रदर्शनकारी अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।

सरकार की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि किसानों के व्यापक हितों को ध्यान में रखते हुए पात्र किसानों से मूंग उपज का 60 प्रतिशत उपार्जन किया जाएगा। साथ ही खरीदी अवधि बढ़ाने और ई-टोकन व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।