V India News

Web News Channel

महाकाल मंदिर क्षेत्र में पुजारी का 80 हजार का मोबाइल चोरी, दो मिनट में बदमाशों ने थैली की आड़ में दिया वारदात को अंजाम

उज्जैन। महाकाल मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भीड़ का फायदा उठाकर सक्रिय चोरों ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है। महाकाल थाना क्षेत्र में एक पुजारी की शर्ट की जेब से करीब 80 हजार रुपये कीमत का मोबाइल चोरी करने का मामला सामने आया है। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें दो युवक बेहद शातिर तरीके से महज दो मिनट के भीतर चोरी कर मौके से फरार होते दिखाई दे रहे हैं।

पीड़ित राजेश पुजारी ने बताया कि वह अपने बेटे के साथ नरसिंह घाट स्थित एक दुकान पर पूजा सामग्री खरीदने पहुंचे थे। उनका बेटा पंडिताई का प्रशिक्षण ले रहा है। उन्होंने बताया कि करीब डेढ़ माह पहले खरीदा गया 80 हजार रुपये का मोबाइल उन्होंने अपनी शर्ट की ऊपरी जेब में रखा हुआ था।

इसी दौरान दो युवक उनके आसपास घूमने लगे और बातचीत व भीड़ का फायदा उठाकर उन्हें घेर लिया। एक आरोपी ने हाथ में पकड़ी थैली की आड़ बनाई, जबकि दूसरे ने मौका मिलते ही जेब से मोबाइल निकाल लिया। वारदात इतनी सफाई से की गई कि पीड़ित को इसकी भनक तक नहीं लगी। चोरी के बाद दोनों आरोपी वहां से आराम से निकल गए।

घटना का पूरा घटनाक्रम दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। फुटेज में एक आरोपी मोबाइल चोरी करने के बाद कैमरे की ओर देखते हुए भी नजर आता है, जिससे पुलिस को उसकी पहचान करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। संदिग्धों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

श्रावण मास में महाकाल मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने मोबाइल, पर्स और अन्य कीमती सामान की विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।