V India News

Web News Channel

उज्जैन में युवा धर्म संसद का आगाज, आज मोहन भागवत युवाओं को करेंगे संबोधित

उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन में 17 से 19 सितंबर तक आयोजित तीन दिवसीय ‘युवा धर्म संसद’ का शुभारंभ देवास रोड स्थित गीता भवन में हो चुका है। कार्यक्रम के दूसरे दिन शुक्रवार सुबह 10 बजे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख डॉ. मोहन भागवत उद्घाटन सत्र में शामिल होकर युवाओं को संबोधित करेंगे। आयोजकों के अनुसार, वे युवाओं से संवाद नहीं करेंगे।

सेवाज्ञ संस्थानम् की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर के 25 राज्यों से करीब 1,700 युवा छात्र-छात्राएं शामिल हो रहे हैं। दूसरे दिन लगभग 300 विद्वान, शिक्षक, शोधकर्ता और धर्माचार्य भी कार्यक्रम में भाग लेंगे। कार्यक्रम का समापन 19 सितंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में होगा।

धर्म, तकनीक और विचारों पर होगी चर्चा

दूसरे दिन के सत्रों में धर्म की अस्तित्वपरक अवधारणा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और सूचना-विचार संघर्ष जैसे विषयों पर व्याख्यान एवं चर्चा होगी। देशभर से चयनित युवाओं के लिए विशेष उद्बोधन सत्र भी आयोजित किया जाएगा।

उद्घाटन सत्र में मोहन भागवत के साथ आचार्य मिथिलेशनन्दिनीशरण महाराज, प्रो. श्रीनिवास बरखेड़ी और सेवाज्ञ संस्थानम् के अध्यक्ष आशीष कुमार आशु सहित अन्य प्रमुख लोग मौजूद रहेंगे।

मनोज मुंतशिर समेत कई हस्तियां देंगी व्याख्यान

दोपहर 12 से 2 बजे तक होने वाले व्याख्यान सत्र में आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरि महाराज, प्रसिद्ध पटकथा लेखक एवं गीतकार मनोज मुंतशिर, प्रो. श्रीनिवास बरखेड़ी, स्मृति अनंतलक्ष्मी और जे. नंद कुमार युवाओं को संबोधित करेंगे।

आयोजकों के मुताबिक, युवा धर्म संसद का यह छठा संस्करण है। इससे पहले इसका आयोजन काशी, अयोध्या, मथुरा, हरिद्वार और कांचीपुरम में किया जा चुका है। अब तक इन आयोजनों में करीब 7,100 प्रतिभागी शामिल हो चुके हैं। अगले वर्ष युवा धर्म संसद का आयोजन द्वारका में प्रस्तावित है।