उज्जैन। देवास रोड स्थित माधव विज्ञान महाविद्यालय में भीम आर्मी स्टूडेंट फेडरेशन (बीएएसएफ) के प्रदेश महासचिव राम सोलंकी के साथ मारपीट के मामले में 28 दिन बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं होने पर मंगलवार को आजाद समाज पार्टी ने विरोध प्रदर्शन किया। शाम करीब 5 बजे पार्टी की राष्ट्रीय कोर कमेटी के सदस्य दामोदर यादव बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समाजजनों के साथ उज्जैन पहुंचे।
प्रदर्शनकारी आईजी कार्यालय जाकर विरोध जताने वाले थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें मजदूर चौराहे पर ही रोक दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने सीएसपी को ज्ञापन सौंपकर मामले में एफआईआर दर्ज करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
संविधान से चलेगा देश, गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं: यादव
दामोदर यादव ने कहा कि उनके छात्र संगठन के साथी राम सोलंकी पर हमला हुआ, लेकिन पुलिस अब तक कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि प्रदेश में सत्ताधारी लोगों की गुंडागर्दी नहीं चलेगी और देश संविधान के अनुसार चलेगा।
यादव के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने तत्काल एफआईआर दर्ज करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर एफआईआर दर्ज नहीं हुई तो पार्टी दोबारा बड़ी संख्या में लोगों के साथ उज्जैन पहुंचेगी और फ्रीगंज में चक्काजाम कर आंदोलन करेगी।
6 अक्टूबर को कॉलेज परिसर में हुई थी मारपीट
मामला 6 अक्टूबर का है। कॉलेज से जुड़ी विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर बीएएसएफ कार्यकर्ताओं ने छात्रों के साथ माधव विज्ञान महाविद्यालय का गेट बंद कर धरना दिया था। प्राचार्य को ज्ञापन सौंपने के बाद संगठन के प्रदेश महासचिव राम सोलंकी कॉलेज कैंटीन के बाहर खड़े थे। इसी दौरान उनके साथ मारपीट हुई। घटना में सोलंकी के सिर में चोट आई और खून बहने लगा। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कुछ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं पर मारपीट करने का आरोप लगाया था।
घटना के अगले दिन 7 अक्टूबर को बीएएसएफ, भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पुलिस कंट्रोल रूम के सामने सड़क पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया था। संगठन का आरोप है कि माधवनगर थाना पुलिस ने शिकायत के बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की है।

More Stories
दिवाली से पहले उज्जैन पुलिस का तोहफा, 522 लोगों को लौटाए गुम मोबाइल; कीमत करीब 1 करोड़ रुपये
टीआई दिलीप पुरी गोस्वामी की हत्या के विरोध में उज्जैन में कांग्रेस का प्रदर्शन, शराब माफिया के खिलाफ खोला मोर्चा
शहीद TI दिलीप पुरी गोस्वामी को उज्जैन पुलिस ने दी श्रद्धांजलि, पार्थिव शरीर के वाहन को रुकवाकर किया नमन