V India News

Web News Channel

दिवाली से पहले उज्जैन पुलिस का तोहफा, 522 लोगों को लौटाए गुम मोबाइल; कीमत करीब 1 करोड़ रुपये

उज्जैन। दिवाली से पहले उज्जैन पुलिस ने सैकड़ों लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी। पुलिस ने मंगलवार को 522 गुम हुए मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को वापस सौंपे। इन मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है। खास बात यह है कि बरामद मोबाइल में 98 लोग दूसरे जिलों और 87 लोग दूसरे राज्यों के रहने वाले हैं। ये सभी मोबाइल उज्जैन आने के दौरान गुम हुए थे।

मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस का आभार जताया। एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि आईटी सेल और साइबर टीम ने तकनीकी जानकारी के आधार पर मोबाइल फोन ट्रेस किए। इसके लिए CEIR पोर्टल, IMEI नंबर और अन्य तकनीकी संसाधनों की मदद ली गई। मोबाइल की लोकेशन मिलने के बाद संबंधित जिलों और राज्यों की पुलिस से समन्वय कर उन्हें बरामद किया गया।

इस साल 1.73 करोड़ के 928 मोबाइल बरामद

एसपी प्रदीप शर्मा के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक कुल 928 गुम मोबाइल बरामद किए जा चुके हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 1.73 करोड़ रुपये है। पुलिस की आईटी सेल और साइबर टीम लगातार तकनीकी माध्यमों से गुम मोबाइल की तलाश कर रही है।

तीन साल में 5.05 करोड़ के मोबाइल लौटाए

पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2023 से अब तक कुल 2,560 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए जा चुके हैं। इनकी कुल अनुमानित कीमत 5.05 करोड़ रुपये है।

मोबाइल मिलते ही भावुक हुईं जबलपुर की महिला

मोबाइल वापसी के दौरान जबलपुर की एक महिला भावुक हो गईं। उनका मोबाइल अगस्त के अंत में उज्जैन में गुम हो गया था। लंबे इंतजार के बाद फोन वापस मिलने पर उनकी खुशी देखते ही बनी। एसपी ने बताया कि इस वर्ष 57 नागरिकों ने भी ईमानदारी दिखाते हुए उन्हें मिले गुम मोबाइल थाने या साइबर सेल में जमा कराए हैं। पुलिस इन ईमानदार नागरिकों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित करेगी।