V India News

Web News Channel

टीआई दिलीप पुरी गोस्वामी की हत्या के विरोध में उज्जैन में कांग्रेस का प्रदर्शन, शराब माफिया के खिलाफ खोला मोर्चा

उज्जैन। देवास जिले के खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी की शराब माफिया द्वारा ट्रक से कुचलकर हत्या किए जाने के विरोध में मंगलवार को उज्जैन में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। शहर के टॉवर चौराहे पर एकत्रित हुए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आंबेडकर प्रतिमा के सामने श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद मानव श्रृंखला बनाकर शराब माफिया के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने घटना के आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने और प्रदेश में सक्रिय शराब माफिया पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग उठाई। सभी कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी को श्रद्धांजलि दी।

प्रदेश में शराब माफिया के हौसले बुलंद: महेश परमार

प्रदर्शन में विधायक महेश परमार, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी और नेता प्रतिपक्ष रवि राय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। विधायक महेश परमार ने कहा कि प्रदेश में शराब माफिया के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। देवास में जहरीली शराब से कई लोगों की मौत के बावजूद माफिया के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

उन्होंने कहा कि एक पुलिस अधिकारी की इस तरह हत्या होना प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। परमार ने सरकार पर मामले में चुप्पी साधने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस इस घटना को लेकर चुप नहीं बैठेगी। टीआई दिलीप पुरी गोस्वामी को न्याय दिलाने और शराब माफिया के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पार्टी आगे भी आंदोलन जारी रखेगी।