भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आरटीआई (RTI) एक्टिविस्ट अजय पाटीदार पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि बीजेपी पार्षद शीला पाटीदार के परिजनों ने अजय पाटीदार और उनके पिता के साथ मारपीट की। हमले में दोनों घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें लहूलुहान हालत में इलाज के लिए जेपी अस्पताल पहुंचाया गया। मामला मिसरोद थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
मंदिर जाते समय रास्ते में किया हमला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अजय पाटीदार के पिता भी हमले में घायल हुए हैं। अजय की पत्नी सृष्टि पाटीदार ने बीजेपी पार्षद और उनके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अजय को रात करीब एक बजे से लगातार फोन कॉल कर धमकियां दी जा रही थीं। इसके बाद सुबह जब अजय अपने पिता के साथ मंदिर जा रहे थे, तभी रास्ते में आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया।
वार्ड के मुद्दे उठाने को लेकर चल रहा था विवाद
सृष्टि पाटीदार का आरोप है कि अजय अपने वार्ड से जुड़े विभिन्न जनसमस्याओं और मुद्दों को लगातार उठा रहे थे। इसी बात को लेकर कुछ लोगों से उनका विवाद चल रहा था। पत्नी का दावा है कि इसी रंजिश के चलते अजय और उनके पिता को निशाना बनाया गया। मारपीट में दोनों को चोटें आई हैं और उनका अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। एडिशनल पुलिस कमिश्नर शैलेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपों की जांच और पुष्टि के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
वहीं, इस मामले में बीजेपी पार्षद शीला पाटीदार का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

More Stories
जबलपुर IIITDM के हॉस्टल में छात्रा ने की आत्महत्या, तेलंगाना की रहने वाली थी 20 वर्षीय वैष्णवी
धीरेंद्र शास्त्री का भगवान कृष्ण पर बयान वायरल, राम और कृष्ण की तुलना कर बोले- हमारे वाले भगवान सीधे खड़े होते हैं
इंदौर में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी