V India News

Web News Channel

इंदौर में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को प्रस्तावित कॉन्सर्ट को लेकर बम धमाके की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। शहर के तीन स्कूलों और महापौर सचिवालय को पंजाबी भाषा में धमकी भरे ई-मेल भेजे गए हैं। इन ई-मेल में कॉन्सर्ट के दौरान बम धमाका करने की चेतावनी दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी।

धमकी की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने तीनों स्कूलों में बम डिस्पोजल स्क्वॉड (बीडीएस) की टीम भेजकर जांच कराई। सुरक्षा के मद्देनजर परिसर की तलाशी ली गई। वहीं, महापौर सचिवालय को मिले धमकी भरे ई-मेल को भी गंभीरता से लेते हुए क्राइम ब्रांच ने तकनीकी जांच शुरू कर दी है।

पंजाबी भाषा में भेजे गए धमकी भरे ई-मेल

एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक, दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर शहर के तीन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। सभी ई-मेल पंजाबी भाषा में लिखे गए हैं। पुलिस ने इन्हें तकनीकी जांच के लिए लिया है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि ई-मेल मध्य प्रदेश के बाहर किसी अन्य राज्य से भेजे गए हो सकते हैं।

ई-मेल भेजने वाले की तलाश में जुटी क्राइम ब्रांच

पुलिस अब ई-मेल के स्रोत, आईपी एड्रेस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। साथ ही धमकी की वास्तविकता का भी पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट 15 नवंबर को प्रस्तावित है। ऐसे में आयोजन से पहले मिली इस धमकी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।