बैतूल। मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और आमला-सारणी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक चेतराम मानेकर का निधन हो गया। उन्होंने भोपाल के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से ब्रेन ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर से भाजपा सहित प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।
चेतराम मानेकर के निधन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जताया दुख
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने संदेश में लिखा, “बैतूल जिले के आमला-सारणी विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री चेतराम मानेकर जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”
मुख्यमंत्री की इस पोस्ट के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
बैतूल में आज होगा अंतिम संस्कार
जानकारी के अनुसार, सोमवार को चेतराम मानेकर की अंतिम यात्रा बैतूल की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित उनके निवास एलआईजी-33, गंज से निकाली जाएगी। इसके बाद गंज मोक्षधाम में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
उनके निधन से भाजपा नेताओं, पार्टी कार्यकर्ताओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों में शोक का माहौल है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और समर्थकों ने उनके निधन को संगठन के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।

More Stories
रीवा में किराए को लेकर महिला और ऑटो चालक में विवाद, चौराहे पर चप्पलों से की पिटाई; वीडियो वायरल
सिविल जज बनीं, लेकिन नौकरी छोड़ चुना वैराग्य का रास्ता, 22 नवंबर को लेंगी जैन दीक्षा
देवास में शराब तस्करों ने थाना प्रभारी को कुचला, इलाज के दौरान मौत; आरोपी चालक फरार