रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा में ऑटो किराए को लेकर हुए विवाद ने रविवार को उस समय तूल पकड़ लिया, जब शहर के व्यस्त अस्पताल चौराहे पर एक महिला और ऑटो चालक के बीच जमकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि महिला ने सरेराह अपनी चप्पल उतारकर ऑटो चालक की पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान चालक भी महिला से गाली-गलौज करता नजर आया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, अस्पताल चौराहे पर महिला और ऑटो चालक के बीच किराए को लेकर विवाद शुरू हुआ था। शुरुआत में दोनों के बीच तीखी बहस हुई। महिला अपने पैसे और तय किराए को लेकर चालक से सवाल-जवाब कर रही थी। देखते ही देखते दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और महिला ने आपा खो दिया।
चप्पल उतारकर चालक पर बरसाए वार
विवाद के दौरान महिला ने अपनी चप्पल उतार ली और ऑटो चालक की पिटाई शुरू कर दी। इस बीच दोनों पक्षों की ओर से जमकर बहस और अपशब्दों का इस्तेमाल हुआ। व्यस्त चौराहे पर अचानक हुए इस हंगामे को देखकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। काफी देर तक सड़क पर विवाद चलता रहा और राहगीर तमाशबीन बने रहे।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, विवाद की शुरुआत किस बात से हुई और किराए को लेकर दोनों के बीच वास्तविक सहमति क्या थी, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
रीवा में पहले भी हो चुका है ऑटो किराए को लेकर विवाद
रीवा में ऑटो किराए को लेकर विवाद का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले गुरुवार देर रात समान थाना क्षेत्र के नए बस स्टैंड परिसर में भी ऑटो चालक और एक सवारी के बीच किराए को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया था और दोनों पक्ष एक-दूसरे से भिड़ गए थे।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने सार्वजनिक स्थानों पर किराए को लेकर होने वाले विवादों और बिगड़ते व्यवहार को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

More Stories
पूर्व विधायक और वरिष्ठ भाजपा नेता चेतराम मानेकर का निधन, ब्रेन ट्यूमर से थे पीड़ित; सीएम मोहन यादव ने जताया शोक
सिविल जज बनीं, लेकिन नौकरी छोड़ चुना वैराग्य का रास्ता, 22 नवंबर को लेंगी जैन दीक्षा
देवास में शराब तस्करों ने थाना प्रभारी को कुचला, इलाज के दौरान मौत; आरोपी चालक फरार