V India News

Web News Channel

देवास में शराब तस्करों ने थाना प्रभारी को कुचला, इलाज के दौरान मौत; आरोपी चालक फरार

देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे थाना प्रभारी दिलीप पुरी की शराब तस्करों के वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना इंदौर-बैतूल हाईवे पर उस समय हुई, जब पुलिस टीम अवैध शराब से भरे एक आयशर वाहन की चेकिंग कर रही थी। वाहन चालक ने पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए वाहन को डिवाइडर पर चढ़ाकर आगे बढ़ा दिया। इसी दौरान वाहन का पिछला पहिया थाना प्रभारी के ऊपर से गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी दिलीप पुरी को रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे अवैध शराब तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद वह पुलिस टीम के साथ इंदौर-बैतूल हाईवे पर कार्रवाई के लिए पहुंचे। इसी दौरान पुलिस को संदिग्ध आयशर वाहन दिखाई दिया। पुलिस टीम ने वाहन को रोककर जांच करने का प्रयास किया। थाना प्रभारी ने चालक को नीचे उतरने के लिए कहा, लेकिन उसने वाहन रोकने के बजाय डिवाइडर पर चढ़ाकर आगे बढ़ा दिया।

दो घंटे तक चला उपचार, नहीं बच सकी जान

वाहन का पिछला पहिया थाना प्रभारी दिलीप पुरी के ऊपर चढ़ गया, जिससे उनके शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आईं और काफी खून बह गया। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने करीब दो घंटे तक सीपीआर और अन्य उपचार किए। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

संदलपुर में वाहन छोड़कर फरार हुआ चालक

घटना के बाद आयशर चालक वाहन को डिवाइडर पार कर दूसरी ओर ले गया और संदलपुर में छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने आयशर वाहन को कब्जे में लेकर संदलपुर थाने में खड़ा करा दिया है। फरार चालक की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं। बताया गया है कि नेमावर पुलिस भी इस वाहन का पीछा कर रही थी।

गृह क्षेत्र में होगा अंतिम संस्कार

थाना प्रभारी दिलीप पुरी के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे उनके गृह क्षेत्र धार जिले के राजोद थाना अंतर्गत बरमंडल ले जाया जा रहा है, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनका परिवार फिलहाल इंदौर में रह रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही देवास एसपी आदित्य मिश्रा सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे खातेगांव पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल और मामले की जानकारी ली। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी चालक की तलाश के साथ पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। इस घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर है।