उज्जैन। मध्य प्रदेश के देवास जिले के खातेगांव में कर्तव्यपालन के दौरान शहीद हुए थाना प्रभारी दिलीप कुमार पुरी गोस्वामी को उज्जैन पुलिस ने भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सोमवार को उनका पार्थिव शरीर गृह नगर धार जिले की सरदारपुर तहसील के ग्राम बरमण्डल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान जब पार्थिव शरीर का वाहन उज्जैन पहुंचा तो पुलिस अधिकारियों ने बड़नगर रोड पर तपोभूमि के आगे वाहन रुकवाकर शहीद टीआई को अंतिम नमन किया। अधिकारियों ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
अवैध शराब की सूचना पर चेकिंग करने पहुंचे थे टीआई
जानकारी के अनुसार, रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी को अवैध शराब तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद वे पुलिस टीम के साथ इंदौर-बैतूल हाईवे पर वाहनों की चेकिंग करने पहुंचे थे।
इसी दौरान उन्होंने एक संदिग्ध आयशर वाहन को रुकवाया और चालक को नीचे उतरने के लिए कहा। आरोप है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसे आगे बढ़ा दिया और डिवाइडर पर चढ़ाकर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान वाहन का पिछला पहिया टीआई के ऊपर से गुजर गया। गंभीर रूप से घायल थाना प्रभारी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
एसपी प्रदीप शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि
उज्जैन में आयोजित श्रद्धांजलि के दौरान एसपी प्रदीप शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक करणदीप सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनस्वी शर्मा और रक्षित निरीक्षक रणजीत सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने शहीद टीआई के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें अंतिम विदाई दी।
‘पुलिस परिवार का साथी चला जाए तो हौसला टूटता है’
एसपी प्रदीप शर्मा ने इस मौके पर कहा कि पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए यह बेहद भावुक क्षण है। पुलिस परिवार का अपना साथी जब इस तरह कर्तव्य निभाते हुए चला जाता है तो सभी का हौसला टूटता है। उन्होंने दिलीप पुरी गोस्वामी को अच्छा और मिलनसार व्यक्ति बताते हुए उनके निधन पर गहरा दुख जताया।
उज्जैन पुलिस ने शहीद थाना प्रभारी के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले अधिकारी के निधन से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।

More Stories
मां के साथ महाकाल की भस्म आरती में पहुंचीं अभिनेत्री तमन्ना भाटिया, नंदी के कान में कही मनोकामना
उज्जैन जिला कोर्ट परिसर में बुजुर्ग ने किया जहरीले पदार्थ का सेवन, अस्पताल में भर्ती
नशे के कारोबारियों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, 10 साल से फरार 60 से अधिक आरोपियों पर 10-10 हजार का इनाम