ज्जैन। विश्व प्रसिद्ध द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शामिल भगवान श्री महाकालेश्वर की नगरी उज्जैन में शुक्रवार तड़के आस्था और भक्ति का विशेष दृश्य देखने को मिला। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने श्री महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल के दिव्य स्वरूप के दर्शन किए।
भस्म आरती के दौरान नितिन नबीन नंदी हॉल में हाथ जोड़कर भगवान शिव की आराधना करते नजर आए। वे पूरे समय शिवभक्ति में लीन रहे और श्रद्धालुओं के साथ तालियां बजाकर आरती में सहभागिता की। मंदिर की परंपरा के अनुरूप उन्होंने पीले रंग की धोती सहित पारंपरिक परिधान धारण किया।
आरती के बाद मीडिया से बातचीत में नितिन नबीन ने कहा कि बाबा महाकाल की पवित्र नगरी में आकर वे स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं। उन्होंने भगवान महाकाल से देश की यश-कीर्ति और समृद्धि लगातार बढ़ने की प्रार्थना की। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए बाबा महाकाल के आशीर्वाद की कामना करते हुए उनके जनसेवा और राष्ट्रसेवा के कार्यों के लिए मंगलकामना की।
भस्म आरती के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया। कलेक्टर एवं मंदिर समिति अध्यक्ष रोशन कुमार सिंह तथा प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक ने नितिन नबीन और हेमंत खंडेलवाल को शॉल, श्रीफल और बाबा महाकाल का प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया।

More Stories
उज्जैन में युवा धर्म संसद का आगाज, आज मोहन भागवत युवाओं को करेंगे संबोधित
पीएम मोदी के जन्मदिन पर जगमगाई महाकाल की नगरी, महाकाल मंदिर में विशेष पूजन-अर्चन
पीएम मोदी के जन्मदिन पर उज्जैन में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाएंगे नितिन नवीन