V India News

Web News Channel

पीएम मोदी के जन्मदिन पर जगमगाई महाकाल की नगरी, महाकाल मंदिर में विशेष पूजन-अर्चन

उज्जैन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को धार्मिक नगरी उज्जैन भक्ति, आस्था और दीपों की रोशनी से जगमगाती नजर आई। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में सुबह से ही विशेष पूजा-अर्चना का दौर शुरू हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार से महाकाल परिसर भक्तिमय हो उठा।

महाकाल मंदिर के वरिष्ठ पुरोहित पंडित सत्यनारायण जोशी सहित विद्वान ब्राह्मणों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु जीवन, उत्तम स्वास्थ्य और राष्ट्र कल्याण की कामना को लेकर संकल्पपूर्वक अनुष्ठान किया। गर्भगृह में प्रधानमंत्री की तस्वीर रखकर तिलक लगाया गया और उनके यशस्वी कार्यकाल के लिए मंगलकामना की गई।

पंडित सत्यनारायण जोशी ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर बाबा महाकाल का अभिषेक और विशेष पूजन वैदिक ऋचाओं के साथ किया गया। इस दौरान उनके दीर्घायु और अच्छे स्वास्थ्य के साथ भारत के विश्व गुरु बनने की कामना की गई।

6 से 7 लाख दीपों से सजा महाकाल परिसर

विशेष पूजन के बाद महाकाल मंदिर परिसर में भव्य दीपोत्सव की शुरुआत हुई। मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी और आतिशबाजी से सजाया गया। मंदिर प्रांगण में करीब 6 से 7 लाख दीप प्रज्वलित किए गए, जिससे पूरा परिसर दीपों की रोशनी से आलोकित हो उठा।

रामघाट पर 25 लाख दीपों से भव्य दीपोत्सव

उज्जैन के दीपोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण पवित्र शिप्रा नदी के रामघाट पर रहा, जहां करीब 25 लाख दीप प्रज्वलित किए जाने का कार्यक्रम रखा गया। शाम को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री के उज्जैन पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन करने तथा दीपोत्सव का शुभारंभ करने का कार्यक्रम रहा।

महाकाल मंदिर के उप प्रशासक सत्यनारायण सोनी ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए मंदिर प्रशासन और नगरवासियों की ओर से व्यापक तैयारियां की गईं। महाकाल परिसर और रामघाट पर दीप प्रज्वलन के साथ सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के भी पुख्ता इंतजाम किए गए।